बीबीएमकेयू में जिला स्तरीय प्रतियोगिता 29 को
डीजे न्यूज, धनबाद: युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार अंतर्गत मेरा युवा भारत (MY Bharat), धनबाद द्वारा “नशा मुक्त युवा – विकसित भारत” अभियान के अंतर्गत 29 जुलाई को बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय, धनबाद में जिला स्तरीय सांस्कृतिक एवं रचनात्मक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं की रचनात्मक प्रतिभा को मंच प्रदान करने के साथ-साथ नशामुक्त समाज के निर्माण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना तथा युवाओं को राष्ट्र निर्माण के इस जन-अभियान से जोड़ना है।
कार्यक्रम के अंतर्गत लोकगीत (Folk Song–Group), नृत्य (Dance–Group), नुक्कड़ नाटक (Street Play–Group), पेंटिंग (Painting), वाद-विवाद/भाषण (Debate/Elocution), शॉर्ट फिल्म/रील (Short Film/Reel), स्लोगन लेखन (Slogan Writing) तथा स्लैम पोएट्री (Slam Poetry) सहित कुल आठ विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी।
प्रतियोगिताओं में धनबाद जिले के 15 से 29 वर्ष आयु वर्ग (आयु 20 जुलाई 2026 के आधार पर) के सभी युवा भाग लेने के पात्र होंगे। इच्छुक प्रतिभागी MY Bharat पोर्टल (mybharat.gov.in) पर संबंधित इवेंट के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं या 29 जुलाई 2026 को प्रातः 9:00 बजे कार्यक्रम स्थल पर उपस्थित होकर प्रत्यक्ष (ऑन-द-स्पॉट) पंजीकरण कराते हुए भी प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं।
जिला स्तरीय प्रतियोगिताओं में चयनित प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर प्राप्त होगा। राज्य स्तर पर चयनित प्रतिभागी राष्ट्रीय स्तर पर नई दिल्ली में आयोजित प्रतियोगिताओं में झारखंड राज्य का प्रतिनिधित्व करेंगे।
उप निदेशक, मेरा युवा भारत (MY Bharat), धनबाद युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार ने इस संबंध में जिले के सभी पात्र युवाओं से अधिकाधिक संख्या में सहभागिता सुनिश्चित करने की अपील की है।