बच्चों के बीच बांग्ला वर्णमाला पुस्तक वितरित
बलियापुर: झारखंड बांग्ला भाषा उन्नयन समिति की ओर से सोमवार को पलानी स्थित भवानी विद्या मंदिर में एक समारोह आयोजित कर स्कूली बच्चों के बीच बांग्ला वर्णमाला का प्रथम एवं द्वितीय भाग पुस्तक का वितरण किया गया। समिति के संस्थापक बेंगु ठाकुर ने कहा कि झारखंड के सभी स्कूलों में बांग्ला भाषा की पढ़ाई करने वाले बच्चों की संख्या अधिक होने के बावजूद राज्य सरकार की उदासीनता के कारण बच्चों को अपनी मातृभाषा की पढ़ाई से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने बंगाल की तरह झारखंड में भी सरकारी स्कूलों में बांग्ला की पढ़ाई अनिवार्य करने की मांग की। मौके पर नारायण चंद्र पाल, परितोष घोषाल, बासुदेव गोप, विनोद बिहारी महतो, संतोष महतो, दीपक यादव, शंभू नाथ महतो, समीर मुर्मू समेत अभिभावक एवं छात्र-छात्राएं मौजूद थे।