डायमंड इलेक्ट्रिकल वर्क्स का शटर उखाड़कर लाखों की संपत्ति चोरी कतरास थाना क्षेत्र के रामपुर की घटना

डायमंड इलेक्ट्रिकल वर्क्स का शटर उखाड़कर लाखों की संपत्ति चोरी

कतरास थाना क्षेत्र के रामपुर की घटना

डीजे न्यूज, सिजुआ(धनबाद): कतरास थाना क्षेत्र के रामपुर में डायमंड इलेक्ट्रिकल वर्क्स नामक दुकान का शटर उखाड़कर शुक्रवार रात चोरों ने लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। चोरी गए सामानों में 10 एचपी का मोटर (तीन), 20 एचपी का मोटर (एक), करंट ट्रांसफॉर्मर (एक), न्यू काॅपर तार (15 किग्रा), इलेक्ट्रिक टूल्स, ओल्ड काॅपर तार (20 किग्रा), इलेक्ट्रिक वजन मशीन (एक) शामिल हैं। सामानों की कीमत लगभग चार लाख रुपये आंकी गई है। शनिवार अहले सुबह लोगों की नजर उखड़े शटर पर पड़ी, तब चोरी के बारे में दुकान संचालक मो. मुमताज को जानकारी हुई। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और तहकीकात की।

सीसीटीवी कैमरा को किया क्षतिग्रस्त

चोरों ने डायमंड इलेक्ट्रिकल वर्क्स से बड़ा मोटर निकालकर दुकान के पीछे स्थित झाड़ियों में ले जाकर उसके अंदर के पुर्जे को खोला है। इसके पहले चोरों ने वहां के सम्राट फर्नीचर दुकान की दीवार पर लगे सीसीटीवी कैमरा को क्षतिग्रस्त कर दिया था।
उक्त दुकान कतरास-कपुरिया मुख्य सड़क पर अवस्थित है। इस रास्ते से हर समय लोगों का आवागमन होता है। आसपास घनी आबादी भी है। करीब एक साल पहले इस दुकान से कुछ ही दूरी पर स्थित बंद आवास का ताला तोड़कर नगदी समेत आभूषण की चोरी हुई थी। मुख्य सड़क के किनारे इस तरह की घटना होने से ग्रामीणों में भय का माहौल है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top