बच्चों को उचित भोजन नहीं देने व मनमानी करने की शिकायत
डीजे न्यूज, धनबाद: शुक्रवार को अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला ने जनता दरबार का आयोजन कर जिले के आमजनों की समस्या सुनी।
जनता दरबार में बलियापुर प्रखंड के परसबनिया पंचायत के मुखिया ने चिटाही, छाताबाद स्थित नया प्राथमिक विद्यालय की प्रधान शिक्षिका की शिकायत करते हुए बताया कि उनके द्वारा ना ही बच्चों को उचित भोजन दिया जाता है ना ही बच्चों की शिक्षा पर ध्यान दिया जाता है। जिसके कारण दिन-प्रतिदिन विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति कम होती जा रही है। लेकिन प्रधान शिक्षिका द्वारा हाजरी बुक में मनमानी तरीके से बच्चों की उपस्थिति दिखाई जाती है। साथ में कहा कि प्रधान शिक्षिका अभिभावकों एवं ग्रामीणों से अभद्र भाषा में बात करती है। शिक्षिका ने अध्यक्ष एवं संयोजिका का बैंक खाता एवं चेक बुक अपने पास रखा है तथा अध्यक्ष एवं संयोजिका से जबरन चेक बुक पर हस्ताक्षर करवाती है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर समाहर्ता ने जिला शिक्षा अधीक्षक को इस मामले की गहन जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।
जनता दरबार में टुंडी, बलियापुर, गोविंदपुर, निरसा, कतरास, महुदा, बरमसिया, बाघमारा, झरिया, सिंदरी, तोपचांची, धनबाद समेत जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आमजन अपनी समस्या से संबंधित आवेदन लेकर आए थे।
जनता दरबार में भूमि विवाद, धमकी एवं मारपीट, विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित, अतिक्रमण, पुनर्वास, छात्रवृत्ति, आंगनवाड़ी सेविका चयन, अबुआ आवास योजना सहित अन्य मामलों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
अपर समाहर्ता ने सभी आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने संबंधित विभाग के पदाधिकारियों को मामलों की जांच कर नियमानुसार शीघ्र कार्रवाई करने एवं आवेदकों को समयबद्ध समाधान उपलब्ध कराने का निर्देश दिया।
मौके पर सहायक निदेशक सामाजिक सुरक्षा नियाज़ अहमद भी मौजूद थे।