झाकोमयू ने ईस्ट बसुरिया ओपी का किया घेराव
जयराम मांझी हत्याकांड के आरोपियों की गिरफ्तारी की कर रहे थे मांग
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): बीसीसीएल के एरिया पांच अंर्तगत तेतुलमारी कोलियरी में कार्यरत जयराम मांझी की हुई हत्या के मामले को लेकर शुक्रवार को झारखंड कोलियरी मज़दूर यूनियन ने ईस्ट बसुरिया ओपी का घेराव किया। वे हत्याकांड के आरोपियों की अविलंब गिरफ्तारी एवं मामले के शीघ्र उद्भेदन की मांग कर रहे थे। घेराव का नेतृत्व कर रहे यूनियन के जोनल उपाध्यक्ष रतिलाल टुडू ने बताया कि जयराम मांझी अपनी सामान्य पाली की ड्यूटी समाप्त करने के बाद अपनी टाटा नेक्सॉन कार (JH10CX 1864) से घर लौट रहे थे। इसी दौरान सोरीटांड़ क्षेत्र में उनकी हत्या कर शव को झाड़ियों में फेंक दिया गया। बाद में स्थानीय ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने शव बरामद किया।
घेराव के दौरान रतिलाल टुडू ने ईस्ट बसुरिया ओपी प्रभारी सुधांशु श्रीवास्तव को प्राथमिकी दर्ज कराते हुए मांग की कि हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए तथा पूरे मामले का निष्पक्ष, गहन एवं त्वरित अनुसंधान कर सच्चाई जनता के सामने लाई जाए। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई ही पीड़ित परिवार को न्याय दिला सकती है। उन्होंने कहा कि झारखंड कोलियरी मज़दूर यूनियन पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है।
इस दौरान आदिवासी समाज के अनेक प्रतिनिधि एवं महिलाएं, यूनियन के बड़ी संख्या में साथी कार्यकर्ता तथा स्थानीय नागरिकों संग अनिल टुडू, टुंडी विधायक प्रतिनिधि बिरजू सोरेन, मोहिराम मांझी, सुरेन्द्र हेम्ब्रम, निर्मल हेम्ब्रम, राम कुमार राम, नितिन कुमार, क्रिश रवानी, राजू कुमार, मनोज कुमार प्रजापति, साहिल कुमार, संजीत पासवान, आशीष कुमार, मनीष कुमार आदि शामिल हुए।