रणधीर वर्मा चौक पर भाजपा ने किया प्रदर्शन
कांग्रेस पर छात्रों को भड़काने का आरोप
डीजे न्यूज, धनबाद: नीट पेपर लीक और छात्रों के आंदोलन को लेकर देशभर में सियासी माहौल गरमाया हुआ है। इसी कड़ी में शुक्रवार को धनबाद के रणधीर वर्मा चौक पर भाजपा ने कांग्रेस के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का पुतला दहन किया। भाजपा ने आरोप लगाया कि कांग्रेस इस मुद्दे पर छात्रों को भड़काकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है। प्रदर्शन में झरिया विधायक रागिनी सिंह, धनबाद विधायक राज सिन्हा सहित बड़ी संख्या में भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
रणधीर वर्मा चौक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनका पुतला दहन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि छात्रों के भविष्य जैसे गंभीर मुद्दे पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि कांग्रेस केवल केंद्र सरकार को घेरने के लिए इस मामले का राजनीतिक इस्तेमाल कर रही है।
भाजपा नेताओं ने कहा कि राहुल गांधी को पहले कांग्रेस शासित राज्यों में हुए कथित पेपर लीक मामलों पर जवाब देना चाहिए। उनका आरोप है कि उन मामलों पर कांग्रेस चुप्पी साध लेती है, जबकि अब छात्रों के आंदोलन को राजनीतिक रंग दिया जा रहा है। नेताओं ने मांग की कि NEET पेपर लीक मामले में दोषियों के खिलाफ निष्पक्ष और कड़ी कार्रवाई हो, ताकि छात्रों का भविष्य सुरक्षित रह सके।