20 जून से लापता पीरटांड़ के युवक का नहीं मिला सुराग
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ थाना क्षेत्र के सियारांगी गांव से 20 जून से लापता युवक का एक माह बीत जाने के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस लगातार जांच में जुटी है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डुमरी) आबिद खान और इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद स्वयं जांच की निगरानी कर रहे हैं।
स्वजनों के अनुसार युवक 20 जून को किसी काम से करीब 30 मिनट के लिए गिरिडीह जाने की बात कहकर घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिवार ने पहले अपने स्तर से करीब एक सप्ताह तक उसकी तलाश की, परंतु कोई जानकारी नहीं मिलने पर धनबाद की एक युवती पर अपहरण का आरोप लगाते हुए पीरटांड़ थाना में आवेदन दिया।
आवेदन के आधार पर पीरटांड़ थाना में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। जांच के क्रम में संबंधित महिला को उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से लाकर पूछताछ की जा रही है। इसके अलावा मामले से जुड़े अन्य संदिग्ध लोगों से भी पूछताछ जारी है।
पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी और युवक की तलाश के लिए सभी संभावित बिंदुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है।