गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, पति हिरासत में कतरास थाना क्षेत्र के लकड़का का मामला

गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, पति हिरासत में

कतरास थाना क्षेत्र के लकड़का का मामला

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
कतरास थाना क्षेत्र के लकड़का बस्ती में बुधवार दोपहर 23 वर्षीय गर्भवती महिला वंदना देवी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।  घटना के बाद कतरास पुलिस ने मृतका के पति सौरभ पांडे को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस यह जांच कर रही है कि महिला ने आत्महत्या की या उसकी हत्या की गई है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार, बंदना देवी का विवाह वर्ष 2022 में लकड़का निवासी सौरभ पांडे के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुआ था। मृतका का डेढ़ वर्ष का एक पुत्र है। वह चार माह की गर्भवती थी।
मृतका के मायके वालों का आरोप है कि विवाह के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मृतका के भाई अभय मिश्रा ने कतरास थाना में पति सौरभ पांडे, ससुर, सास और देवर के विरुद्ध हत्या का आरोप लगाते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
बताया जाता है कि लकड़का बस्ती से किसी व्यक्ति ने100 नंबर पर फोन कर महिला की हत्या की सूचना दी थी। सूचना मिलने के बाद कंट्रोल रूम ने कतरास थाना को अवगत कराया, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। इसी दौरान मृतका के मायके पक्ष के लोग भी कतरास थाना पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। मृतका का मायका बिशनगढ़ झंडा चौक बताया जाता है।

कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि लकड़का बस्ती से एक गर्भवती महिला का शव बरामद हुआ है। प्राप्त शिकायत के आधार पर मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों के संबंध में स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकेगा।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top