कतरास में जलजमाव की समस्या से भड़का आक्रोश
भारी बारिश के बीच सड़क पर बैठे विधायक शत्रुघ्न, निगम की लापरवाही पर जताया आक्रोश
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): कतरास-राजगंज सड़क पर पचगढ़ी सब्जी पट्टी के पास लंबे समय से हो रही जलजमाव की समस्या से नागरिकों का आक्रोश भड़क उठा। सोमवार को भारी बारिश के बीच भाजपाई सड़क पर उतर आए और बाघमारा विधायक शत्रुघ्न महतो के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। आम लोगों और व्यापारियों की परेशानी को देखते हुए कार्यकर्ताओं के साथ विधायक स्वयं बीच सड़क पर बैठ गए और नगर निगम की कार्यशैली के खिलाफ विरोध जताया। विधायक ने निगम अधिकारियों से बात कर लापरवाही पर नाराजगी व्यक्त की और तत्काल राहत कार्य शुरू करने का निर्देश दिया।
विधायक शत्रुघ्न ने कहा कि बाघमारा विधानसभा क्षेत्र की समस्याओं का समाधान करना सर्वोच्च प्राथमिकता है। नगर निगम की अनदेखी रवैया और लापरवाही के कारण वर्षों से कतरास बाजार में जलजमाव की समस्या बनी हुई है। इस समस्या के स्थायी समाधान कराने का प्रयास है, ताकि लोगों को राहत मिल सके।
बता दें कि दो दिनों से हो रही मुसलाधार बारिश के कारण कतरास का जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया है। कतरास-राजगंज सड़क पर राजस्थानी धर्मशाला के पास जलजमाव से राहगीरों के साथ साथ दो पहिया व चार पहिया वाहनों का आवागमन ठप हो गया। बाजार के विभिन्न गलियों और लोगों के घरों में बारिश का पानी घुस गया है।