छात्राओं के लिए 13 से 15 जुलाई तक लगेगा विशेष मेडिकल कैंप
डीजे न्यूज, धनबाद: कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, झरिया, के छात्राओं के लिए 13 जुलाई से 15 जुलाई तक विशेष मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया जाएगा। साथ में टुंडी एवं पूर्वी टुंडी के आवासीय विद्यालयों के छात्राओं के लिए 13 जुलाई से 17 जुलाई तक विशेष मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया जाएगा।
13 जुलाई को टुंडी के एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल, 14 जुलाई को मॉडल स्कूल लोधरिया, 15 जुलाई को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय टुंडी एवं 17 जुलाई को कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय पूर्वी टुंडी के सभी छात्राओं के लिए मेडिकल चेकअप कैंप का आयोजन किया जाएगा।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने मेडिकल कैंप के सफल क्रियान्वन के लिए प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र झरिया सह जोरापोखर तथा प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र टुंडी को सभी आवश्यक दवा एवं उपकरण मेडिकल टीम को उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
उपायुक्त ने बताया कि 13 जुलाई को सभी प्रखंडों में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम (आरबीएसके) के अंतर्गत स्क्रीनिंग के दौरान विभिन्न बीमारियों से चिन्हित लगभग 3000 बच्चों के लिए फर्स्ट लाइन ट्रीटमेंट का आयोजन किया जाएगा। जिसमें बच्चों में दंत रोग, हृदय रोग, त्वचा रोग, सुनने संबंधी समस्याएं, क्लब फुट, कटे होंठ सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की पहचान कर उपचार किया जाएगा। जिन बच्चों को विशेषज्ञ चिकित्सा अथवा उन्नत उपचार की आवश्यकता होगी, उन्हें जिला स्तरीय अस्पताल में रेफर कर आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा।
वहीं शुक्रवार को सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत आयोजित कैंप में 375 बच्चों का सफलतापूर्वक इलाज किया गया।
वहीं सिविल सर्जन ने सभी राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के चिकित्सकों को शिक्षा विभाग से समन्वय स्थापित कर सूचीबद्ध बच्चों की शिविर में उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन से भी बच्चों को समय पर अस्पताल एवं शिविर तक पहुंचाने में सहयोग करने को कहा है, ताकि प्रत्येक चिन्हित बच्चे को समय पर उपचार मिल सके।