नवविवाहिता की मौत पर फूटा गुस्सा, शव के साथ कई घंटें तक किया जमुआ-खोरीमहुआ मार्ग जाम

नवविवाहिता की मौत पर फूटा गुस्सा, शव के साथ कई घंटें तक किया जमुआ-खोरीमहुआ मार्ग जाम

काफी मशक्त के बाद लोगों को समझाकर जाम हटाने में सफल रही हीरोडीह थाना पुलिस

परिजनों का आरोप-दहेज में बाइक नहीं मिलने पर ससुरालवालों ने मार डाला, कार्रवाई की मांग

डीजे न्यूज, गिरिडीह : हीरोडीह थाना क्षेत्र में शादी के महज एक महीने बाद नवविवाहिता राजिया खातून की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से भड़के लोगों ने शव के पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार सुबह शव को जमुआ-खोरीमहुआ मुख्य मार्ग पर रखकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने ससुराल पक्ष की तत्काल गिरफ्तारी, निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। जाम के कारण मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और कई घंटों तक आवागमन पूरी तरह बाधित रहा। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे, जिससे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना रहा।

परिजनों ने बताया कि राजिया खातून की शादी एक माह पूर्व कुरूमडीहा निवासी अब्जल अंसारी से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज में मोटरसाइकिल की मांग की जा रही थी। मांग पूरी नहीं होने पर राजिया को लगातार प्रताड़ित किया जाता था। इसी प्रताड़ना के कारण उनकी बेटी की हत्या की गई है।

गुरुवार को संदिग्ध परिस्थितियों में राजिया की मौत की सूचना मिलते ही मायका पक्ष के लोग ससुराल पहुंचे और हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया था और शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेजा था। शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद शव गांव पहुंचते ही परिजनों का आक्रोश फिर भड़क उठा। शव के साथ सड़क जाम कर दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की गई। सूचना मिलते ही हीरोडीह थाना प्रभारी महेश चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घंटों की मशक्कत के बाद लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद शव का अंतिम संस्कार कराया गया। थाना प्रभारी महेश चंद्र ने बताया कि फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। प्रथम दृष्टया यह स्पष्ट नहीं है कि मामला हत्या का है या आत्महत्या का। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के आधार पर ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होगा। परिजनों की लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top