राष्ट्रीय संपत्ति कोयला की चोरी में डीजीएमएस की लापरवाही : विजय कुमार झा बीसीसीएल क्षेत्रों में अरबों के कोयला चोरी का अनुमान

राष्ट्रीय संपत्ति कोयला की चोरी में डीजीएमएस की लापरवाही : विजय कुमार झा

बीसीसीएल क्षेत्रों में अरबों के कोयला चोरी का अनुमान

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): कतरास के रानीबाजार स्थित आवासीय कार्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान समाजसेवी सह बियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा ने भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (BCCL) के क्षेत्र संख्या 1 से 12 तक में बड़े पैमाने पर हो रहे कोयला घोटाले को लेकर गंभीर दावे किए हैं। प्रेस वार्ता में कहा गया कि केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) द्वारा बीते 16 महीनों (1 जनवरी 2025 से 30 अप्रैल 2026) के भीतर की गई छापेमारी से यह साफ आकलन हो रहा है कि बीसीसीएल क्षेत्र में अरबों रुपए के कोयले की अवैध निकासी और चोरी हुई है।
उन्होंने इस पूरी अवैध गतिविधि के लिए सीधे तौर पर महानिदेशालय खान सुरक्षा (DGMS) को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि खनन चाहे वैध हो या अवैध, किसी भी प्रकार के असुरक्षित और गैर-कानूनी खनन कार्य को रोकना प्राथमिक रूप से डीजीएमएस की ही जिम्मेदारी है।

दो दिनों में सीआइएसएफ ने पकड़ा लाखों का अवैध कोयला
एक तरफ जहाँ अरबों के घोटाले का आरोप लग रहा है, वहीं दूसरी ओर CISF (केऔसुब) इकाई बीसीसीएल धनबाद द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति इस बात की पुष्टि करती है कि क्षेत्र में अवैध खनन और परिवहन किस कदर हावी है। बल द्वारा जारी दो दिनों के हालिया आंकड़ों के अनुसार 7 जुलाई को खुफिया और विश्वसनीय सूचनाओं के आधार पर विभिन्न स्थानों पर सघन अभियान चलाकर लगभग 132.370 टन अवैध रूप से संग्रहित कोयला बरामद किया गया। इसकी अनुमानित कीमत ₹10,58,960/- आंकी गई है। लगातार दूसरे दिन चलाए गए अभियान में 149.52 टन अवैध कोयला जब्त किया गया, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत ₹11,96,160/- है।

कानूनी कार्रवाई और जब्ती

सीआइएसएफ प्रबंधन के अनुसार, इन दोनों मामलों में खान और खनिज विकास और विनियमन अधिनियम तथा अन्य प्रासंगिक विधिक प्रावधानों के तहत संबंधित थानों में प्राथमिकी (FIR) दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जब्त किए गए कोयले को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत बीसीसीएल प्रबंधन को सुपुर्द किया जा रहा है।
विजय झा ने कहा कि इस पूरे मामले में सबसे बड़ा नीतिगत और प्रशासनिक सवाल स्थानीय स्तर पर उठ रहा है। साल 2022 से ही विभिन्न समाचार पत्रों, टीवी चैनलों और सोशल मीडिया के माध्यम से स्थानीय ग्रामीण व समाजसेवी लगातार सबूतों और सूचनाओं के साथ इस अवैध कोयला कारोबार का विरोध कर रहे थे।
ऐसे में जनमानस में यह सवाल तैर रहा है कि जब शिकायतें सालों से हो रही थीं, तो उस वक्त बीसीसीएल प्रशासन, स्थानीय पुलिस और सीआईएसएफ ने ऐसी निर्णायक कार्रवाई क्यों नहीं की? वर्तमान समय में अचानक दिखाई जा रही इस तत्परता के पीछे की टाइमिंग को लेकर अब क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं। क्या यह महज़ दिखावटी कार्रवाई है या वाकई में सिंडिकेट की कमर तोड़ने की शुरुआत, यह आने वाला वक्त ही बताएगा। मौके पर वरिष्ठ राजनीतिक विशेषज्ञ उदय सिंह भी मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top