जिप अध्यक्ष शारदा ने किया परिवार कल्याण मेला का उद्घाटन

जिप अध्यक्ष शारदा ने किया परिवार कल्याण मेला का उद्घाटन

डीजे न्यूज, धनबाद: जिला परिषद की अध्यक्ष शारदा सिंह ने शुक्रवार को सदर अस्पताल कैंपस के एमटीसी बिल्डिंग में विश्व जनसंख्या दिवस के मौके पर जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा आयोजित परिवार कल्याण मेला का दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया।

इस अवसर पर उन्होंने कहा कि परिवार कल्याण मेला का उद्देश्य लोगों को परिवार नियोजन के लिए जागरूक करना है। इसमें सहिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। वे धूप, बारिश में भी लोगों के घर जाती है। इसलिए वे लोगों को बेहतर तरीके से समझा सकती है।

साथ में कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा की कमी, कम उम्र में विवाह के कारण परिवार नियोजन में समस्या आती है। परंतु अब महिलाओं की इस सोच में परिवर्तन आया है।‌पुरुषों को भी अपनी सोच में परिवर्तन लाने की जरूरत है। उन्होंने कहा ‘छोटा परिवार सुखी परिवार’ के लिए दो बच्चों के बीच कम से कम तीन वर्ष का अंतर रखना चाहिए। इससे माता-पिता बच्चों को अच्छी शिक्षा दे सकेंगे और उनकी अच्छी परवरिश कर सकेंगे।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा ने कहा कि स्वस्थ, शिक्षित और सशक्त परिवार ही विकसित समाज और राष्ट्र की नींव होती है। परिवार नियोजन का उद्देश्य बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, बच्चों के बीच उच्च अंतर, परिवार की आर्थिक मजबूती और जीवन की बेहतर गुणवत्ता सुनिश्चित करना है।

कहा जब दंपत्ति सही समय पर परिवार नियोजन का निर्णय लेते हैं तो पूरा परिवार स्वस्थ, सुरक्षित और खुशहाल बनता है। बताया कि वर्ष 2025-26 में धनबाद जिले में परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत 82 पुरुषों ने नसबंदी कराई जबकि उसी वर्ष 4825 महिलाओं की नसबंदी सफलतापूर्वक संपन्न की गई। यह उपलब्धि स्वास्थ्य विभाग, आशा कार्यकर्ता और विकास सहयोगी संस्थाओं के सामूहिक प्रयास का परिणाम है।

कहा कि पुरुषों को यह संदेश देना होगा कि परिवार नियोजन केवल महिलाओं की जिम्मेदारी नहीं है, बल्की इसमें पति पत्नी दोनों की समान साझेदारी है। नसबंदी को लेकर पुरुषों में व्याप्त भ्रांतियां दूर करनी होगी।

सिविल सर्जन ने कहा कि परिवार कल्याण मेला का 10 अगस्त तक विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायत में आयोजन किया जाएगा। जिसमें प्रत्येक दंपत्ति को परिवार नियोजन की सभी सुरक्षित और शैक्षणिक विकल्पों की सही जानकारी दी जाएगी।

कार्यक्रम के दौरान नुक्कड़ नाटक के माध्यम से ‘छोटा परिवार सुखी परिवार’ का संदेश दिया गया। साथ ही परिवार नियोजन के तरीके को बारे में जानकारी दी गई। वहीं परिवार नियोजन में टॉप परफोर्मेंस के लिए विभिन्न एमओआईसी एवं स्वास्थ्य कर्मियों को सम्मानित किया गया। साथ ही परिवार नियोजन से संबंधित पोस्टर का विमोचन किया गया।

कार्यक्रम में जिला परिषद की अध्यक्ष शारदा सिंह, सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, जिला आरसीएच पदाधिकारी डॉ रोहित गौतम, डीपीएम प्रतिमा कुमारी, डीपीसी रेखा सिंह, वीबीडी सलाहकार रमेश कुमार सिंह, सभी प्रखंड के एमओआईसी, सहिया, एएनएम सहित बड़ी संख्या में स्वास्थ्य विभाग के कर्मी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top