माध्यमिक शिक्षक संघ ने नए डीईओ से की मुलाकात, लंबित मांगें बताई
डीजे न्यूज, गिरिडीह : झारखंड माध्यमिक शिक्षक संघ की गिरिडीह जिला इकाई ने गुरूवार को नव पदस्थापित जिला शिक्षा पदाधिकारी विनय कुमार से उनके कार्यालय कक्ष में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व जिला सचिव रविकांत चौधरी ने किया। बैठक में जिले के माध्यमिक शिक्षकों की लंबित समस्याओं पर विस्तारपूर्वक चर्चा हुई।
संघ ने सबसे पहले सभी शिक्षकों के नियमित वेतन भुगतान की मांग रखी। इसके साथ ही कार्यालय में लंबित एनओसी, ईएल, मेडिकल एवं मातृत्व अवकाश की स्वीकृति शीघ्र देने का आग्रह किया गया। संघ ने जैक रांची द्वारा आयोजित इंटरमीडिएट परीक्षा और योग दिवस में कार्य करने वाले शिक्षकों को क्षतिपूरक अवकाश देने की मांग भी की। साथ ही झारखंड शिक्षा परियोजना के निर्देश के आलोक में पांच स्थानीय अवकाश स्वीकृत करने का प्रस्ताव रखा गया। जिला सचिव रविकांत चौधरी ने बताया कि डीईओ ने सभी बिंदुओं को गंभीरता से सुना और शीघ्र निराकरण का भरोसा दिलाया। प्रतिनिधिमंडल में उपाध्यक्ष घनश्याम गोस्वामी, उमाशंकर राम, दिलीप कुमार मंडल, भुनेश्वर वर्मा, दीपक कुमार सिंह, जाकिर हुसैन, अमीरुद्दीन अंसारी, विरंची नायक, परवेज आलम, माला लता मुर्मू, रंजीत वर्मा, संत कुमार यादव, शंभू कुमार गुप्ता, धीरेन्द्र वर्मा, विकाश झा, खुर्शीद अंसारी, प्रकाश दास, विश्वनाथ मंडल एवं संगठन सचिव मो. नौशाद शमा सहित कई शिक्षक शामिल थे।