SIR को सफल बनाने मैदान में उतरे एसडीओ, बूथों और हेल्पलाइन व्यवस्था का किया निरीक्षण
डीजे न्यूज, सरिया,गिरिडीह : विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत मतदाता सूची को अद्यतन, शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए जिले में गणना प्रपत्रों के वितरण, संग्रहण और डिजिटाइजेशन का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए सरिया-बगोदर के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) संतोष कुमार गुप्ता ने गुरुवार को क्षेत्र का डोर-टू-डोर भ्रमण किया और विभिन्न बूथों पर चल रहे कार्यों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने गणना प्रपत्रों के वितरण, प्राप्त प्रपत्रों के संग्रहण तथा डिजिटाइजेशन की प्रक्रिया की समीक्षा की। उन्होंने बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजर को निर्देश दिया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल करते हुए कार्य की गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखें।
भ्रमण के दौरान उन्होंने मतदाताओं से भी बातचीत कर अभियान की जानकारी ली और अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक समय पर पहुंच सुनिश्चित की जाए। साथ ही सभी प्राप्त प्रपत्रों का त्वरित एवं त्रुटिरहित डिजिटाइजेशन किया जाए, ताकि मतदाता सूची पूरी तरह अद्यतन हो सके।
इसके बाद एसडीओ ने अनुमंडल स्तर पर संचालित वोटर हेल्पलाइन डेस्क का निरीक्षण किया। उन्होंने हेल्पलाइन 1950 पर प्राप्त कॉल, मतदाताओं को दी जा रही सहायता और शिकायतों के निष्पादन की समीक्षा करते हुए समयबद्ध एवं प्रभावी सेवा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
अंत में उन्होंने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की कि वे समय पर गणना प्रपत्र भरकर आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित बीएलओ को उपलब्ध कराएं और SIR अभियान को सफल बनाने में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाएं।