सरिया में बरगी नदी पुल के नीचे बोरी में बंद मिला अज्ञात महिला का शव, इलाके में सनसनी
डीजे न्यूज, सरिया (गिरिडीह) : सरिया थाना क्षेत्र के रत्नाडीह स्थित बरगी नदी पर बने पुल के नीचे गुरुवार की शाम करीब पांच बजे बोरी में बंद एक अज्ञात महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही सरिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेजने की तैयारी शुरू कर दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गुरुवार शाम कुछ लोग नदी किनारे घूमने गए थे। इसी दौरान पुल के नीचे सुनसान स्थान पर एक बंद बोरी दिखाई दी। संदेह होने पर जब लोगों ने पास जाकर देखा तो उसके अंदर एक महिला का शव मिला। इसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई।
ग्रामीणों का कहना है कि शव की स्थिति को देखकर ऐसा प्रतीत होता है कि अज्ञात लोगों ने महिला की हत्या कर साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को बोरी में बंद कर पुल के नीचे फेंक दिया होगा। लोगों का अनुमान है कि शव करीब पांच से छह दिन पुराना हो सकता है, क्योंकि महिला के शरीर में काफी सड़न आ चुकी थी।
शव पूरी तरह सड़-गल जाने के कारण उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाने के साथ-साथ महिला की पहचान कराने का प्रयास कर रही है।
फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच में जुटी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। अज्ञात महिला का शव मिलने की घटना से पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और लोग तरह-तरह की आशंकाएं जता रहे हैं।