सरिया में हाथियों के हमले में महिला की मौत, गांव में दहशत

सरिया में हाथियों के हमले में महिला की मौत, गांव में दहशत

गरमुंडो कला गांव में तीन हाथियों के झुंड ने मचाया उत्पात, वन विभाग ने दी एक लाख रुपये की तत्काल सहायता

डीजे न्यूज, सरिया(गिरिडीह) : सरिया प्रखंड अंतर्गत मुंडरो घुटिया पेसरा पंचायत के गरमुंडो कला गांव में बुधवार शाम हाथियों के हमले में एक महिला की मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। लगातार बढ़ रहे हाथियों के आतंक को लेकर ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति नाराजगी भी देखी जा रही है। बुधवार शाम जंगल की ओर से तीन हाथियों का झुंड गांव के समीप पहुंच गया। इसी दौरान गरमुंडो कला निवासी रघु यादव की लगभग 50 वर्षीय पत्नी शांति देवी खेत से घर लौट रही थीं। अचानक हाथियों ने उन पर हमला कर दिया और एक हाथी ने उन्हें पैरों तले कुचल दिया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम तथा झारखंड मुक्ति मोर्चा के केंद्रीय समिति सदस्य शत्रुध्न प्रसाद मंडल भी घटनास्थल पहुंचे। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया और बाद में परिजनों को सौंप दिया गया।

 

वन विभाग ने दी तत्काल सहायता, कुल 10 लाख रुपये मुआवजे का प्रावधान

 

घटना के बाद बुधवार देर रात वन विभाग के अधिकारी मृतका के घर पहुंचे और उनके पति रघु यादव को तत्काल राहत के रूप में एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की। वन विभाग के फॉरेस्टर अंशु कुमार ने बताया कि राज्य सरकार के प्रावधान के अनुसार मृतका के आश्रितों को कुल 10 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि तत्काल एक लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान कर दी गई है। शेष राशि में से तीन लाख रुपये आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद एक-दो दिनों के भीतर उपलब्ध करा दिए जाएंगे, जबकि शेष छह लाख रुपये कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद परिजनों को दिए जाएंगे।

 

पीड़ित परिवार को शीघ्र मिले पूरी सहायता : शत्रुध्न प्रसाद मंडल

 

घटना की जानकारी मिलने पर झामुमो के केंद्रीय समिति सदस्य शत्रुध्न प्रसाद मंडल ने मृतका के परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने हजारीबाग पूर्वी वन प्रमंडल के अधिकारियों से दूरभाष पर बातचीत कर सरकारी प्रावधान के तहत पीड़ित परिवार को शीघ्र पूर्ण मुआवजा उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में पिछले कई महीनों से हाथियों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। पहले हाथी किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा रहे थे, लेकिन अब लोगों की जान भी जा रही है, जो अत्यंत चिंताजनक और गंभीर विषय है। उन्होंने वन विभाग से हाथियों को सुरक्षित जंगल की ओर खदेड़ने, प्रभावित गांवों में रात्रि गश्त बढ़ाने, ग्रामीणों को सतर्क करने के लिए पटाखे, टॉर्च एवं मशाल उपलब्ध कराने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में मचान और अलार्म सिस्टम लगाने की मांग की।

स्थायी समाधान की मांग

घटना के बाद गरमुंडो कला सहित आसपास के गांवों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि इस क्षेत्र में जंगली हाथियों का आतंक लगातार बढ़ रहा है। आए दिन हाथी गांवों में घुसकर फसलों को नुकसान पहुंचाने के साथ-साथ लोगों की जान भी ले रहे हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथियों की समस्या का स्थायी समाधान निकालने, प्रभावित क्षेत्रों में नियमित निगरानी बढ़ाने तथा सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top