तेज रफ्तार से आ रहे मालवाहक ने पीरटांड़ में दो बाइकों को मारी टक्कर, चार घायल
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ थाना क्षेत्र के पांडेडीह के समीप गुरुवार शाम को हुए मालवाहक वाहन की चपेट में आने से दो बाइकों पर सवार चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार मालवाहक ने विपरीत दिशाओं से आ रही दोनों बाइकों को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सड़क पर गिर पड़ीं और उन पर सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में बराकर-गमहरा निवासी दो युवक तथा चंपानगर के बबलू मुर्मु और रोहित मरांडी शामिल हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया तथा पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पीरटांड़ थाना के अवर निरीक्षक जितेंद्र सिंह पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से सभी घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइकों को जब्त कर थाना भेज दिया है। दुर्घटना में शामिल मालवाहक वाहन को भी पकड़ लिया गया है। कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी की स्थिति बनी रही, जिसे पुलिस ने यातायात बहाल कर सामान्य किया। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।