सुरूंगा के मानिक रजक बने असिस्टेंट लोको पायलट, प्रमुख ने किया सम्मानित
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : सुरूंगा पंचायत के लेवाटांड़ निवासी स्वर्गीय अंकुर रजक के पुत्र मानिक रजक का चयन भारतीय रेलवे में असिस्टेंट लोको पायलट (एएलपी) के पद पर हुआ है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है।
मंगलवार को बलियापुर प्रमुख पिंकी देवी ने मानिक रजक को शॉल ओढ़ाकर एवं मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर प्रमुख ने कहा कि मानिक ने अपनी कड़ी मेहनत, लगन और प्रतिभा के बल पर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे सुरूँगा पंचायत का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण परिवेश के युवाओं के लिए मानिक रजक एक प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने उनके उज्ज्वल एवं सफल भविष्य की कामना करते हुए विश्वास जताया कि वे अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा के साथ निर्वहन करेंगे।
इस मौके पर प्रमुख प्रतिनिधि विजय रजक, मिहिर महतो, संजय रजक, भगत रजक और कर्मू रजक उपस्थित थे। वहीं मानिक रजक की माता गीता देवी, भाई दिनेश रजक, काली रजक सहित परिवार के अन्य सदस्य एवं स्थानीय लोग भी कार्यक्रम में मौजूद रहे।