कतरास में भू धंसान से तालाब का बड़ा हिस्सा जमींदोज
कई घरों में पड़ी दरारें, विरोध में सड़क जाम
रेस्क्यू टीम ने चलाया बचाव कार्य
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद):
कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद फुटबॉल ग्राउंड में मंगलवार सुबह करीब 8 बजे जोरदार आवाज के साथ भीषण भू-धसान की घटना घटी। भू धंसान से फुटबॉल ग्राउंड के पास स्थित एक बड़े तालाब का हिस्सा जमींदोज हो गया। इस घटना से दर्जनों मकानों में दरारें पड़ीं हैं।
अचानक हुई घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। भू-धंसान की चपेट में आने से जुबेर अंसारी, सदाम अंसारी, डब्लू अंसारी और जियाउल अंसारी समेत कई परिवारों के घर पूरी तरह तबाह हो गया। जानमाल की सुरक्षा के दृष्टिकोण से लोग अपने घरों से जरूरी सामान निकाल कर भाग निकले। कई परिवारों का सामान मलबे और दरारों के बीच फंस गया। बाद में धनसार से बीसीसीएल की रेस्क्यू टीम पहुंची और प्रभावित परिवारों के सामान को सुरक्षित बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी की जान नहीं गई।
घटना की जानकारी मिलते ही कतरास सर्किल इंस्पेक्टर, कतरास थाना प्रभारी, अंगारपथरा ओपी प्रभारी और तेतुलमारी थाना प्रभारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने आनन-फानन में डेंजर जोन की घेराबंदी (बैरीकेडिंग) कर दी है और लोगों को अविलंब सुरक्षित स्थानों पर जाने की हिदायत दी है।
सड़क जाम
इस हादसे के बाद बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। स्थानीय समाजसेवियों, जनप्रतिनिधियों और पार्षदों के नेतृत्व में सैकड़ों की संख्या में आक्रोशित लोगों ने कतरास-भटमुरना मुख्य मार्ग को पूरी तरह जाम कर दिया। सड़क पर उतरे प्रदर्शनकारियों ने बीसीसीएल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और प्रभावित परिवारों को तुरंत उचित मुआवजा, बेघर हुए लोगों के लिए तत्काल सुरक्षित पुनर्वास की मांग की।
प्रदर्शन कर रहे स्थानीय नेताओं और ग्रामीणों का साफ कहना है कि इस पूरे इलाके में लंबे समय से बीसीसीएल की नाक के नीचे अवैध खनन का खेल चल रहा है। खोखली हो चुकी जमीन के कारण पहले भी ऐसी घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन बीसीसीएल प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन ने कभी कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इसी लापरवाही का नतीजा आज परिवारों को भुगतना पड़ रहा है। सड़क जाम होने के कारण वाहनों की लंबी कतारें लग गई हैं।समाचार लिखे जाने तक सड़क जाम जारी है।