डीसी से मिलीं झरिया विधायक रागिनी सिंह
जनसमस्याओं के त्वरित समाधान की उठाई मांग
डीजे न्यूज, धनबाद: झरिया विधायक रागिनी सिंह ने मंगलवार को धनबाद समाहरणालय में उपायुक्त आदित्य रंजन से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने झरिया विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए आमजन से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उपायुक्त के समक्ष रखा तथा उनके त्वरित समाधान की मांग की।
मुलाकात के दौरान विधायक ने झरिया क्षेत्र में भू-धंसान, सड़क, पेयजल, पुनर्वास, आधारभूत सुविधाओं एवं अन्य विकास कार्यों से जुड़े लंबित मामलों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की समस्याओं का समयबद्ध समाधान होना आवश्यक है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और विकास कार्यों में तेजी आए।
उपायुक्त आदित्य रंजन ने विधायक द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों पर गंभीरतापूर्वक संज्ञान लेते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई करने तथा जनहित से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
विधायक रागिनी सिंह ने कहा, “झरिया विधानसभा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं का समाधान मेरी सर्वोच्च प्राथमिकता है। जनता की आवाज़ को प्रशासन के समक्ष मजबूती से रखना मेरा दायित्व है। मुझे विश्वास है कि जिला प्रशासन के सहयोग से क्षेत्र की लंबित समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा। जनहित से जुड़े प्रत्येक मुद्दे के समाधान के लिए मेरा प्रयास निरंतर जारी रहेगा और क्षेत्रवासियों के हितों की रक्षा के लिए मैं हर स्तर पर सक्रिय रहूंगी।”