एक पौधा लगाना केवल प्रकृति की सेवा नहीं, बल्कि अगली पीढ़ियों के प्रति जिम्मेदारी निभाने का संकल्प : डॉ शालिनी खोवाला
स्कॉलर बीएड कॉलेज मना रहा वन महोत्सव सप्ताह, ध्रुव संथालिया ने राहगीरों को पौधा देकर किया पौधा वितरण अभियान का शुभारंभ
डीजे न्यूज, गिरिडीह : पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से स्कॉलर बीएड कॉलेज, गिरिडीह की प्राचार्य डॉ शालिनी खोवाला के नेतृत्व में वनमहोत्सव सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को गिरिडीह शहर में पौधा वितरण कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय निदेशक ध्रुव स॔थालिया ने राहगिरों को पौधे देकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि समाज के युवा के साथ वर्तमान के शिक्षक प्रशिक्षुओं को भी पर्यावरण के प्रति जागरूक बनाना आज की सबसे बड़ी आवश्यकता है। प्रत्येक पौधा एक जीवन है और इसे लगाना हम सभी का कर्तव्य है।
इस मौके पर प्राचार्य डॉ शालिनी खोवाला ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग और बढ़ते प्रदूषण से निपटने के लिए हमारे महाविद्यालय के प्रशिक्षुओं ने मंगलवार को पौधा वितरण की कमान संभाली है। इस अभियान के जरिए हम नई पीढ़ी में पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी के संस्कार डाल रहे हैं। हमारा समाज से भी यही अपील है कि हर व्यक्ति कम से कम एक पौधा जरूर लगाए और धरती को हरा-भरा बनाए। उन्होंने कहा कि एक पौधा लगाना केवल प्रकृति की सेवा नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प है। हमने इसी संकल्प को साकार करने के लिए नगरवासियों के बीच स्कॉलर बीएड कॉलेज द्वारा पौधा वितरण अभियान आयोजित किया गया। महाविधियालय के सैकड़ों प्रशिक्षुओं ने आमजन को फलदार पौधे वितरित कर पर्यावरण बचाने का संदेश दिया एवं शहर को हरा-भरा बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत रहने की नगरवासियों से अपील की। वन महोत्सव सप्ताह के तहत आम, अमरूद,जामून, आँवला, पपीता, नींबू, सहित कई एवं फलदार एवं छायादार पौधे आम नागरिकों, दुकानदारों एवं राहगीरों के बीच निःशुल्क वितरित किए गए। साथ ही लोगों को पौधों की देखभाल के लिए भी प्रेरित किया गया। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. संतोष कुमार चौधरी एवं आशीष राज ने अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाते हुए टीम के साथ कार्यक्रम को सफल बनाया। इस पौधा वितरण अभियान में डीएलएड प्रभारी डॉ हरदीप कौर ने भी अपनी उपस्थिति के साथ कार्यक्रम में सहयोग दिया। महाविद्यालय के सैकड़ों प्रशिक्षुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम को सफल बनाने में समस्त सहायक व्याख्यातगण एवं कार्यालय कर्मचारी ने अपनी महती भूमिका अदा की।