राखी झुनझुनवाला के नेतृत्व में इनर व्हील क्लब ऑफ सनशाइन की नई टीम ने संभाली कमान

राखी झुनझुनवाला के नेतृत्व में इनर व्हील क्लब ऑफ सनशाइन की नई टीम ने संभाली कमान

भव्य एवं गरिमामय वातावरण में छठा इंस्टॉलेशन समारोह का आयोजन

 

डीजे न्यूज, गिरिडीह : इनर व्हील क्लब ऑफ सनशाइन गिरिडीह का छठा इंस्टॉलेशन समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए क्लब की नई कार्यकारिणी ने विधिवत पदभार ग्रहण किया। कार्यक्रम में शहर की कई सामाजिक, शैक्षणिक एवं प्रशासनिक हस्तियों की उपस्थिति रहीं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों के स्वागत, दीप प्रज्वलन, इनर व्हील प्रार्थना एवं गणेश वंदना के साथ हुआ। इसके बाद कला कुंज संस्थान की छात्राओं ने दुर्गा स्तुति की मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुति देकर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।

कार्यक्रम के दौरान वर्ष 2025-26 की अध्यक्ष कविता राजगढ़िया ने अपने कार्यकाल की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला, जबकि सचिव स्मृति आनंद ने वार्षिक प्रतिवेदन एवं सेवा कार्यों का पावर प्वाइंट प्रस्तुतीकरण किया। इसके बाद सम्मान समारोह आयोजित हुआ, जिसमें नई अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला का परिचय कराया गया तथा कॉलर एक्सचेंज की औपचारिकता संपन्न हुई। पदभार ग्रहण करने के बाद नई अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला ने क्लब की भावी कार्ययोजना और समाजसेवा के संकल्पों को साझा किया। वहीं नई सचिव संगीता सिन्हा ने आगामी सत्र के कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान नई कार्यकारिणी एवं नए सदस्यों को शपथ भी दिलाई गई। समारोह में आगामी सत्र के महत्वाकांक्षी सेवा प्रकल्पों की भी घोषणा की गई। इनमें जरूरतमंदों को दो हियरिंग एड उपलब्ध कराना, वर्षभर सेनेटरी पैड वितरण अभियान चलाना, हैप्पी स्कूल के लिए स्पोर्ट्स किट उपलब्ध कराना तथा महिला सशक्तिकरण के उद्देश्य से सिलाई मशीन वितरण जैसी योजनाएं शामिल हैं।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि का संबोधन, अतिथि सम्मान, नए सदस्यों का स्वागत, लकी ड्रॉ तथा धन्यवाद ज्ञापन के बाद राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ। आयोजन की सफलता में पीडीसी पूनम सहाय का विशेष मार्गदर्शन एवं सहयोग रहा। कार्यक्रम की तैयारियों में अध्यक्ष राखी झुनझुनवाला, सचिव संगीता सिन्हा, उपाध्यक्ष स्मृति आनंद, कोषाध्यक्ष रश्मि गुप्ता, बिपाशा बसु, संपादक शमा परवीन, पीपी शबाना रब्बानी, एसआईपीपी सहित क्लब की सभी सदस्याओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। क्लब की ओर से शहरवासियों एवं आमंत्रित अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए सेवा कार्यों में आगे भी सहयोग और सहभागिता की अपील की गई।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top