ओबी डंपिंग से बिजली का पोल टूटा, लोदना, जयरामपुर व एनटी-एसटी क्षेत्र दिनभर अंधेरे में

ओबी डंपिंग से बिजली का पोल टूटा, लोदना, जयरामपुर व एनटी-एसटी क्षेत्र दिनभर अंधेरे में

डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : लोदना क्षेत्र के बरारी मैगजीन घर के समीप आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा किए जा रहे ओबी (ओवरबर्डन) डंपिंग कार्य के दौरान बिजली का मुख्य पोल क्षतिग्रस्त हो गया। पोल टूटने से लोदना, जयरामपुर और एनटी-एसटी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति पूरे दिन बाधित रही, जिससे हजारों लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

स्थानीय लोगों ने बताया कि आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा ओबी डंपिंग के दौरान भारी मशीनों की चपेट में आने से बिजली का मुख्य पोल टूट गया। पोल क्षतिग्रस्त होते ही एहतियातन लोदना, जयरामपुर और एनटी-एसटी क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी गई। इसके कारण तीनों क्षेत्रों के हजारों घरों में दिनभर अंधेरा पसरा रहा।

बिजली आपूर्ति ठप रहने से पीने के पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई। बरसात के मौसम में बिजली नहीं रहने से बच्चों, बुजुर्गों और आम लोगों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ी।

घटना से आक्रोशित स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आउटसोर्सिंग कंपनी का काम बंद करा दिया और मामले की शिकायत स्थानीय विधायक से की। लोगों ने मांग की कि क्षतिग्रस्त बिजली पोल को अविलंब बदला जाए तथा लापरवाही बरतने वाली आउटसोर्सिंग कंपनी के खिलाफ कार्रवाई की जाए। लोगों का कहना है कि ओबी डंपिंग के कारण आए दिन बिजली के पोल और तार क्षतिग्रस्त हो रहे हैं, लेकिन इस पर प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने प्रशासन से आउटसोर्सिंग कंपनी पर सख्ती बरतने की मांग की।

विधायक रागिनी सिंह ने मामले का संज्ञान लेते हुए आउटसोर्सिंग कंपनी और बीसीसीएल प्रबंधन से जल्द से जल्द बिजली आपूर्ति बहाल कराने की बात कही है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रभावित क्षेत्रों में शीघ्र बिजली बहाल कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top