केंदुआ में निकली साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा, श्रद्धालुओं ने किया भव्य स्वागत
डीजे न्यूज, केंदुआ(धनबाद) : श्री श्री सत्य साईं सेवा संगठन के तत्वावधान में साईं बाबा के 100वें जन्म शताब्दी वर्ष के अवसर पर शनिवार को साईं प्रेम प्रवाहिनी रथ यात्रा केंदुआ पहुंची। धनबाद से आई रथ यात्रा का केंदुआ में साईं भक्तों ने भव्य स्वागत किया तथा साईं बाबा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर विधिवत पूजा-अर्चना की।
रथ यात्रा का शुभारंभ केंदुआडीह दुर्गा मंदिर से किया गया। इसमें बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं ने भाग लिया। रथ केंदुआ क्षेत्र का भ्रमण करते हुए लोयाबाद पहुंचा और वहां से शाम में पुनः केंदुआ लौट आया। इस अवसर पर साईं समिति के बृजमोहन जालान ने बताया कि केंदुआ में रथ यात्रा का तीन दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किया गया है। उन्होंने कहा कि रविवार को रथ पुटकी क्षेत्र तथा सोमवार को कुस्तौर क्षेत्र की ओर प्रस्थान करेगा। वहीं धनबाद में इस रथ यात्रा का कुल नौ दिवसीय कार्यक्रम निर्धारित है। रथ यात्रा के स्वागत एवं आयोजन में अशोक गर्ग, संजीव कु. सिन्हा, बृजमोहन जालान, संजीव कु., सुरेश प्रसाद, शंभू ठाकुर, जीतन दास, बबलू साव, डोली देवी, बबीता देवी, प्रमिला देवी, विनीता राज सहित बड़ी संख्या में साईं भक्त उपस्थित रहे।