सांसद ढुलू और गैंगस्टर प्रिंस के खिलाफ प्राथमिकी विधायक अरुप को मिली धमकी से जुड़ा है मामला अरुप चटर्जी ने कहा- मेरे साथ कुछ भी हुआ तो ढुलू महतो और प्रिंस खान होंगे जिम्मेदार

सांसद ढुलू और गैंगस्टर प्रिंस के खिलाफ प्राथमिकी

विधायक अरुप को मिली धमकी से जुड़ा है मामला

अरुप चटर्जी ने कहा- मेरे साथ कुछ भी हुआ तो ढुलू महतो और प्रिंस खान होंगे जिम्मेदार

डीजे न्यूज, धनबाद: निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने शनिवार को धनबाद परिसदन में आयोजित प्रेस वार्ता में सांसद ढुलू महतो और फरार गैंगस्टर प्रिंस खान पर गंभीर आरोप लगाया है। विधायक ने कहा कि उन्हें मिली रंगदारी और जान से मारने की धमकी के पीछे सांसद ढुलू महतो का हाथ है। इस मामले में उन्होंने निरसा थाना में सांसद ढुलू महतो और प्रिंस खान के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है।

अरूप चटर्जी ने कहा कि दो दिन पहले उन्होंने प्रेस वार्ता कर सांसद ढुलू महतो के कथित अवैध कारोबार और गैंगस्टर प्रिंस खान से उनके संबंधों की जांच की मांग की थी। उनका आरोप है कि इन सवालों का जवाब देने के बजाय उन्हें प्रिंस खान के माध्यम से धमकी दिलाई गई। विधायक ने कहा कि एफआईआर में उन्होंने स्पष्ट उल्लेख किया है कि ढुलू महतो के इशारे पर ही प्रिंस खान धनबाद में लोगों को धमकाकर रंगदारी वसूलता है और उनकी कथित अवैध संपत्ति की सुरक्षा करता है।

विधायक ने बताया कि शुक्रवार शाम जब वह रांची में विधानसभा में मौजूद थे, तभी उनके मोबाइल पर प्रिंस खान का धमकी भरा संदेश आया। इसके बाद उन्होंने तत्काल धनबाद के एसएसपी और मीडिया को इसकी जानकारी दी तथा अब इस पूरे मामले में एफआईआर दर्ज कराई है।

अरूप चटर्जी ने सांसद ढुलू महतो के बयान पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि यदि उन्हें 1 जुलाई को धमकी मिली थी तो इसकी जानकारी तुरंत क्यों नहीं दी गई। उन्होंने कहा कि या तो दोनों के बीच संबंध हैं या फिर सांसद को मिला धमकी का संदेश फर्जी है। उन्होंने यह भी कहा कि केंद्र में उनकी सरकार होने के बावजूद यदि उन्हें धमकी मिलती है और वे चुप रहते हैं, तो यह कई सवाल खड़े करता है।

विधायक ने कहा कि प्रिंस खान की गिरफ्तारी राज्य सरकार अकेले नहीं कर सकती, क्योंकि वह भारत में नहीं बल्कि पाकिस्तान में छिपा हुआ है। ऐसे में उसकी गिरफ्तारी इंटरपोल जैसी अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों की मदद से ही संभव है। उन्होंने मांग की कि प्रिंस खान के पूरे नेटवर्क और उसके कथित संरक्षकों की भी निष्पक्ष जांच कर उन्हें बेनकाब किया जाए।

अरूप चटर्जी ने कहा कि यदि भविष्य में उनके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसके लिए सांसद ढुलू महतो और प्रिंस खान जिम्मेदार होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि अपनी कथित 40 से 50 हजार करोड़ रुपये की संपत्ति बचाने के लिए ढुलू महतो किसी भी हद तक जा सकते हैं। प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई की तर्ज पर धनबाद में भी “भाई” संस्कृति विकसित की जा रही है और “ढुलू भाई पहला भाई बनेगा धनबाद का।”

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top