मधुपुर में वज्रपात से युवक समेत दो की मौत

मधुपुर में वज्रपात से युवक समेत दो की मौत

गिरिडीह के फाब्ला नेता राजेश यादव ने जताई गहरी संवेदना, मंत्री हफीजुल हसन ने पीड़ित परिवार से मिल दिया मुआवजा का भरोसा

डीजे न्यूज, मधुपुर(देवघर) : मधुपुर के राजाभीठा गांव में बुधवार दोपहर तेज बारिश के दौरान वज्रपात से दो लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान राजाभीठा निवासी 28 वर्षीय टुनटुन यादव तथा बिहार के बक्सर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत समरी गांव निवासी 55 वर्षीय दामोदर यादव के रूप में हुई है। दामोदर यादव मवेशी व्यवसायी थे और व्यापारिक कार्य के सिलसिले में राजाभीठा आए हुए थे। गिरिडीह के ऑल इंडिया फारवर्ड ब्लाक के नेता राजेश यादव ने दोनों की मौत पर गहरी संवेदना जताई है।

बुधवार दोपहर अचानक मौसम ने करवट ली और तेज बारिश शुरू हो गई। बारिश से बचने का प्रयास कर रहे दोनों व्यक्ति इसी दौरान आकाशीय बिजली की चपेट में आ गए। वज्रपात इतना भीषण था कि दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जुट गए। मुखिया प्रतिनिधि राजू यादव सहित स्थानीय लोगों ने तत्काल दोनों को अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मधुपुर पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी राजीव कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे की जानकारी मिलते ही झारखंड सरकार के अल्पसंख्यक कल्याण सह जल संसाधन मंत्री हफीजुल हसन अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और प्रशासनिक अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया। मंत्री ने कहा कि इस दुखद घटना से वे बेहद मर्माहत हैं तथा सरकार की ओर से हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा।

घटना के बाद राजाभीठा गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मृतकों के आश्रितों को आपदा राहत के तहत शीघ्र मुआवजा देने तथा वज्रपात से बचाव को लेकर लोगों के बीच लगातार जागरूकता अभियान चलाने की मांग की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top