दो बाइकों की टक्कर में बेटे की मौत, पिता घायल
डीजे न्यूज, गोविंदपुर, धनबाद : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के साहिबगंज रोड स्थित अपना नर्सिंग होम के समीप शुक्रवार दोपहर दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर में 14 वर्षीय शाहबाज अंसारी की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे में मोटरसाइकिल चला रहे उनके पिता रियाज अंसारी भी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद दूसरी बाइक पर सवार युवक मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही अंचल अधिकारी यशवंत कुमार सिन्हा एवं पुलिस इंस्पेक्टर विष्णु प्रसाद राउत पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंचे। इधर, पूर्व मुखिया मोबिन अंसारी, अनवर अंसारी, नसीम अंसारी, अखलाक अहमद समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए और घटना पर आक्रोश जताया।
अंचल अधिकारी ने मृतक के परिजनों को सरकारी नियमानुसार हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। वहीं पुलिस इंस्पेक्टर ने कहा कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर फरार बाइक चालक की पहचान कर उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों के आश्वासन के बाद ग्रामीण शांत हुए। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया, जिसके बाद शाम में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।
इस दर्दनाक हादसे से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मुहर्रम के अवसर पर कई अखाड़ों ने दिवंगत शाहबाज को श्रद्धांजलि देते हुए अपने खेल एवं प्रदर्शन स्थगित कर दिए।