विविध खबरें:-
जिले में मुहर्रम शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद जिले में शुक्रवार को मुहर्रम शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
इसकी जानकारी देते हुए उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बताया कि जिला प्रशासन ने सभी थाना क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था, निगरानी एवं आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित रखने के लिए दंडाधिकारियों के साथ पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की थी। जुलूस मार्ग पर सुरक्षित यातायात प्लान तैयार किया गया था।
उन्होंने बताया कि अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर विधि व्यवस्था का जायजा लिया।
वहीं सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी एवं अंचल पुलिस निरीक्षक स्वयं क्षेत्र में उपस्थित रहकर जुलूस एवं पारंपरिक कार्यक्रमों का निरीक्षण करते रहे।
उन्होंने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों, शांति समिति के सदस्यों एवं आम नागरिकों के सहयोग से पूरे जिले में शांतिपूर्वक तरीके से पर्व संपन्न हुआ।
————————————-
डीडीसी ने सदर अस्पताल का किया औचक निरीक्षण
धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने शुक्रवार को सदर अस्पताल का निरीक्षण किया। इस निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य अस्पताल में चल रहे बुनियादी ढांचे के विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा करना और मरीजों के लिए आवश्यक बुनियादी सुविधाओं में मौजूद कमियों की पहचान करना था।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल परिसर में निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने काम में तेजी लाने तथा कार्य की गुणवत्ता से कोई समझौता न करने के निर्देश दिए।
इसके अलावा उन्होंने आपातकालीन सेवाओं, ओपीडी, पेयजल, स्वच्छता और बिजली की व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया।
उन्होंने अस्पताल प्रबंधन को निर्देश दिए कि अस्पताल आने वाले मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। दवाओं की उपलब्धता और डॉक्टरों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश भी दिया।
उन्होंने कहा कि सदर अस्पताल को जिले का सबसे सुलभ और आधुनिक चिकित्सा केंद्र बनाना प्रशासन की प्राथमिकता है। वर्तमान में जारी इंफ्रास्ट्रक्चर के काम को समय सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा।
मौके पर सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद व अन्य पदाधिकारी मौजूद थे।