मिठाई खरीदने जा रहे पिता की कठवारा में सड़क हादसे में मौत, पुत्र गंभीर 

मिठाई खरीदने जा रहे पिता की कठवारा में सड़क हादसे में मौत, पुत्र गंभीर 

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह ): पीरटांड़ थाना क्षेत्र के कठवारा के समीप गुरुवार को दो बाइकों की आमने-सामने हुई जोरदार टक्कर में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका 10 वर्षीय पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल बच्चे का इलाज गिरिडीह सदर अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

मृतक की पहचान पालगंज निवासी 45 वर्षीय सुजीत कुमार गुप्ता के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, सुजीत कुमार गुप्ता अपने पुत्र मनीष के साथ पालगंज से मिठाई खरीदने के लिए बदडीहा गए थे। वहां से लौटने के दौरान कठवारा के पास सामने से आ रही एक बाइक के चालक ने अचानक बिना कोई संकेत दिए मोड़ ले लिया। इससे दोनों बाइकों के बीच आमने-सामने की जोरदार टक्कर हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि सुजीत कुमार गुप्ता और उनका पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद आसपास के लोगों ने दोनों की पहचान कर परिजनों को सूचना दी तथा तत्काल इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया। इस दौरान ग्रामीणों ने दूसरे बाइक चालक को उसकी बाइक समेत मौके पर ही रोक लिया।

सदर अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सुजीत कुमार गुप्ता को मृत घोषित कर दिया, जबकि गंभीर रूप से घायल मनीष का इलाज जारी है।

बताया जाता है कि सुजीत कुमार गुप्ता अपने पीछे पत्नी, एक पुत्री और दो पुत्रों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। घटना की खबर मिलते ही पालगंज गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

इधर, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top