तोपचांची में नवस्थापित डायलिसिस केंद्र का उद्घाटन

तोपचांची में नवस्थापित डायलिसिस केंद्र का उद्घाटन

डीजे न्यूज, धनबाद: तोपचाँची में नवस्थापित डायलिसिस केंद्र का बुधवार को विधायक टुंडी मथुरा प्रसाद महतो, उपायुक्त आदित्य रंजन तथा उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने संयुक्त रूप से फीता काटकर उद्घाटन किया।

इस अवसर पर विधायक ने कहा कि यह केंद्र क्षेत्र के मरीजों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण के लिए राज्य सरकार ऐसी जनहितकारी पहलें निरंतर जारी रखने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। तोपचाँची में इस डायलिसिस केंद्र के खुलने से गरीब और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ने वाला आर्थिक बोझ कम होगा और समय पर इलाज मिलने से कई जानें बचाई जा सकेंगी।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि इस केंद्र के शुरू होने से अब स्थानीय मरीजों को डायलिसिस के लिए धनबाद या अन्य शहरों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि इस केंद्र में सरकार की स्वास्थ्य योजनाओं (जैसे आयुष्मान भारत) के तहत पात्र मरीजों को नि:शुल्क डायलिसिस की सुविधा मिलेगी। केंद्र में अत्याधुनिक डायलिसिस मशीनें और जीवन रक्षक उपकरण लगाए गए हैं, ताकि मरीजों को उच्च स्तरीय चिकित्सा मिल सके। मरीजों की देखभाल के लिए प्रशिक्षित तकनीशियन और विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात की गई है।

इस अवसर पर सिविल सर्जन डॉ आलोक विश्वकर्मा, उपाधीक्षक डॉ संजीव कुमार प्रसाद, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, अस्पताल के चिकित्सा प्रभारी, कई स्थानीय जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। ग्रामीणों ने सरकार और प्रशासन के इस कदम की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के लिए एक मील का पत्थर बताया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top