बैंक स्कैम मामला: आइएएस पंकज अग्रवाल के भाई ने कहा- दुश्मनी के तहत फंसाया जा रहा है
महुदा के मारवाड़ी कॉलोनी में रहते हैं आईएएस पंकज के भाई
डीजे न्यूज, धनबाद: हरियाणा के बहुचर्चित 661 करोड़ रुपये के आईडीएफसी फर्स्ट और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक स्कैम मामले में सीबीआई की कार्रवाई के बाद अब धनबाद से भी प्रतिक्रिया सामने आई है। सीबीआई ने इस मामले में हरियाणा के सीनियर आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। पंकज अग्रवाल की गिरफ्तारी की खबर मिलते ही धनबाद के महुदा बाजार स्थित मारवाड़ी कॉलोनी में रहने वाले उनके बड़े भाई नंदकिशोर अग्रवाल ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके भाई को किसी साजिश के तहत फंसाया जा रहा है।
नंदकिशोर अग्रवाल ने कहा कि परिवार को पूरा विश्वास है कि पंकज अग्रवाल ऐसा कोई काम नहीं कर सकते। उन्होंने बताया कि वे पांच भाई हैं और पंकज अग्रवाल सभी भाइयों में सबसे छोटे हैं। नंदकिशोर अग्रवाल और एक अन्य भाई धनबाद में रहकर पेट्रोल पंप का व्यवसाय करते हैं, जबकि दो भाई सूरत और जयपुर में रहते हैं।
उन्होंने कहा कि उनका छोटा भाई पंकज अग्रवाल हमेशा ईमानदारी से काम करता रहा है और आज तक कभी किसी गलत काम में शामिल नहीं रहा। हालांकि, उन्होंने यह भी बताया कि काम की व्यस्तता के कारण पिछले कुछ वर्षों में पंकज अग्रवाल से बातचीत कम होती रही और दो-चार साल में कभी-कभार ही उनका धनबाद आना हुआ।
बता दें कि सीबीआई ने हरियाणा के 661 करोड़ रुपये के कथित आईडीएफसी फर्स्ट और एयू स्मॉल फाइनेंस बैंक स्कैम मामले में सीनियर आईएएस अधिकारी पंकज अग्रवाल को गिरफ्तार किया है। सीबीआई की ओर से प्रेस रिलीज जारी कर इसकी जानकारी दी गई। हालांकि, गिरफ्तारी की जगह को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
पंकज अग्रवाल वर्तमान में आर्किटेक्चर डिपार्टमेंट में प्रधान सचिव के पद पर हैं। सीबीआई ने मंगलवार सुबह उन्हें पंचकूला कोर्ट में पेश किया, जहां से अदालत ने उन्हें दो दिन की रिमांड पर भेज दिया है।