मतदाता सूची होगी पूरी तरह शुद्ध और त्रुटिरहित
22 व 23 जून को बीएलओ और पर्यवेक्षकों का विशेष प्रशिक्षण
डीजे न्यूज, गिरिडीह : जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव के निर्देश पर मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर)-2026 को सफल बनाने के लिए जिले के सभी बीएलओ और बीएलओ पर्यवेक्षकों को विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके तहत गिरिडीह जिले के सभी अंचलों में 22 और 23 जून को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
प्रशिक्षण का उद्देश्य विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के कार्यों को समयबद्ध, पारदर्शी और प्रभावी ढंग से पूरा करना है। प्रशिक्षण के दौरान निर्वाचन कार्यों से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी जाएगी, ताकि मतदाता सूची का निर्माण पूरी तरह शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित हो सके।
प्रशिक्षण में विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम-2026 के उद्देश्य, समय-सारिणी और प्रमुख गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। इसके अलावा गणना प्रपत्र (इन्यूमरेशन फॉर्म) के वितरण, संग्रहण और प्राप्ति प्रक्रिया, घर-घर सत्यापन, सेल्फ मैपिंग, पैरेंटल मैपिंग और प्रोजेनी मैपिंग जैसे विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
बीएलओ को ईसीआईनेट बीएलओ ऐप के संचालन, क्यूआर कोड स्कैनिंग, फॉर्म सबमिशन, मतदाताओं के फोटो अपलोड करने की प्रक्रिया तथा एएसडीडी सूची के निर्माण और सत्यापन की जानकारी भी दी जाएगी। साथ ही मृत, स्थायी रूप से स्थानांतरित, डुप्लीकेट, पता नहीं चलने वाले और हस्ताक्षर से इनकार करने वाले मतदाताओं से संबंधित प्रक्रियाओं पर विशेष मार्गदर्शन किया जाएगा।
प्रशिक्षण में बीएलए-2 के साथ समन्वय, प्रपत्र-6, 7 एवं 8 की कार्रवाई तथा निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के पालन पर भी जोर दिया जाएगा।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। इसके शुद्ध, अद्यतन और त्रुटिरहित निर्माण के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी और कर्मी पूरी जिम्मेदारी एवं गंभीरता के साथ कार्य करें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य निर्वाचन कर्मियों की कार्य दक्षता बढ़ाना और मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को अधिक प्रभावी एवं पारदर्शी बनाना है।
उपायुक्त ने सभी बीएलओ एवं बीएलओ पर्यवेक्षकों को निर्धारित समय से पहले प्रशिक्षण स्थल पर पहुंचने तथा प्रशिक्षण में दिए गए निर्देशों का पूरी तरह पालन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।