री-नीट परीक्षा: सुरक्षा के कड़े इंतजाम, परीक्षा केंद्रों का वरीय अधिकारियों ने लिया जायजा
डीजे न्यूज, धनबाद: धनबाद में रविवार को आयोजित राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (NEET) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं कदाचारमुक्त संपन्न कराने के लिए जिला पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। एसएसपी प्रभात कुमार के निर्देशानुसार सुबह से ही जिले के सभी परीक्षा केंद्रों पर पुलिस के वरीय अधिकारियों ने पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया और तैनात पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
सभी परीक्षा केंद्रों के बाहर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है। केंद्रों के प्रवेश द्वार पर परीक्षार्थियों की सघन जांच के बाद ही उन्हें अंदर प्रवेश दिया जा रहा है। परीक्षा केंद्रों के आसपास अनावश्यक भीड़ जुटने से रोकने के लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है, ताकि परीक्षार्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा पर सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस के जवान और पदाधिकारी पूरे समय केंद्रों के आसपास गश्त करते रहे तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। परीक्षा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने या परीक्षा की निष्पक्षता प्रभावित करने का प्रयास करने वालों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।