गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर और बैंक अधिकारी बनकर करने वाले साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश

Advertisements

गूगल पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालकर और बैंक अधिकारी बनकर करने वाले साइबर ठगी गिरोह का पर्दाफाश

जामताड़ा पुलिस ने किया तीन गिरफ्तार, नौ मोबाइल फोन और 22 सिम कार्ड बरामद 

डीजे न्यूज, जामताड़ा : जामताड़ा पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साइबर ठगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधी गूगल पर बैंकों के फर्जी कस्टमर केयर नंबर अपलोड कर तथा बैंक अधिकारी बनकर लोगों को झांसे में लेकर ठगी की वारदात को अंजाम देते थे। पुलिस ने इनके पास से नौ मोबाइल फोन और 22 सिम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस अधीक्षक जामताड़ा शंभु कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस उपाधीक्षक (साइबर अपराध) अमित कुमार के नेतृत्व में छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने जामताड़ा थाना क्षेत्र के सुपाईडीह एवं शेखपुरा के बीच स्थित जंगल में छापेमारी कर साइबर अपराध करते हुए दो अपराधियों को गिरफ्तार किया। वहीं करमाटांड़ थाना क्षेत्र के पिंडारी मैदान के निकट खजूर के पेड़ के नीचे छापेमारी कर एक अन्य साइबर अपराधी को दबोच लिया।

गिरफ्तार आरोपितों में सनातन दास (30 वर्ष), पिता स्व. निपू दास, ग्राम नवाडीह, नितेश दास (22 वर्ष), पिता मुटुर दास, ग्राम पसोई, थाना जामताड़ा तथा सिराज अंसारी (26 वर्ष), पिता कयूम अंसारी, ग्राम लोहरबंधा, थाना करमाटांड़, जिला जामताड़ा शामिल हैं।

पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि सनातन दास और नितेश दास यूनियन बैंक और एक्सिस बैंक के नाम पर गूगल सर्च में फर्जी कस्टमर केयर नंबर डालते थे। बैंक संबंधी समस्या होने पर जब ग्राहक गूगल से नंबर लेकर संपर्क करते थे तो कॉल सीधे इनके पास पहुंचती थी। इसके बाद ये खुद को बैंक प्रतिनिधि बताकर ग्राहकों से गोपनीय बैंकिंग जानकारी, ओटीपी और अन्य आवश्यक विवरण प्राप्त कर उनके खातों से रकम उड़ा लेते थे।

वहीं सिराज अंसारी खुद को विभिन्न बैंकों का अधिकारी बताकर लोगों को फोन करता था। वह ग्राहकों को उनके क्रेडिट कार्ड बंद होने, केवाईसी अपडेट करने या नया कार्ड जारी कराने का झांसा देता था। बातचीत के दौरान वह बैंकिंग संबंधी गोपनीय जानकारी हासिल कर साइबर ठगी को अंजाम देता था।

पुलिस के अनुसार इनका कार्यक्षेत्र केवल झारखंड तक सीमित नहीं था, बल्कि देश के विभिन्न राज्यों के लोगों को निशाना बनाया जाता था। इस संबंध में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 36/26 दर्ज कर आगे की जांच की जा रही है।

छापामारी दल में साइबर अपराध थाना के थाना प्रभारी राजेश मंडल, पुलिस निरीक्षक नितिश कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक हीरालाल महतो तथा रिजर्व गार्ड के जवान शामिल थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top