विविध खबरें:-
रन फॉर योग’ कार्यक्रम कल
डीजे न्यूज, धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर योग के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने एवं स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने के लिए शुक्रवार को प्रातः 07:00 बजे *’रन फॉर योग’* कार्यक्रम का आयोजन रणधीर वर्मा चौक से सिटी सेंटर तक किया जाएगा।
वहीं रविवार को 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, मेमको मोड़ में प्रातः 06:00 बजे से *जिला स्तरीय योग कार्यक्रम* का आयोजन किया जाएगा।
————————————–
डीडीसी ने करमाटांड़ उत्क्रमित उच्च विद्यालय का किया औचक निरीक्षण
धनबाद: उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने गुरुवार को करमाटांड़ उत्क्रमित उच्च विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय में संचालित शैक्षणिक गतिविधियों, विद्यार्थियों की उपस्थिति, शिक्षकों की उपस्थिति, पठन-पाठन व्यवस्था, स्वच्छता एवं आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी ने कक्षाओं में जाकर विद्यार्थियों से संवाद किया तथा उनकी शैक्षणिक प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने, नियमित रूप से कक्षाएं संचालित करने तथा विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रबंधन को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए विद्यालय की व्यवस्थाओं में निरंतर सुधार लाने पर बल दिया।
डीडीसी ने कहा कि विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए समय-समय पर औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जाएगी तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
————————————–
मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव एवं रोकथाम हेतु जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन
धनबाद: मादक पदार्थों के दुष्प्रभाव एवं उनकी रोकथाम के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से गुरुवार को जिला खेल विभाग, धनबाद द्वारा एक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में धनबाद जिला अंतर्गत खेल विभाग द्वारा संचालित विभिन्न प्रशिक्षण केंद्रों के खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के अंतर्गत खिलाड़ियों के बीच पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों तथा नशामुक्त समाज के महत्व को अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। खिलाड़ियों ने रंगों और रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से समाज को नशे से दूर रहने एवं स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संदेश दिया।
इस अवसर पर खिलाड़ियों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक एवं सामाजिक दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई तथा उन्हें स्वयं जागरूक रहने के साथ-साथ अपने परिवार एवं समाज को भी नशामुक्ति के प्रति प्रेरित करने का आह्वान किया गया।
जिला खेल पदाधिकारी ने कहा कि खेल एवं स्वस्थ जीवनशैली नशे के विरुद्ध एक प्रभावी माध्यम है। खिलाड़ियों को अनुशासन, स्वास्थ्य एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने तथा समाज में जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं एवं खिलाड़ियों में नशामुक्त जीवन के प्रति जागरूकता विकसित करना तथा समाज को मादक पदार्थों के दुष्प्रभावों से बचाने हेतु सकारात्मक संदेश प्रसारित करना था।