11 हजार का तार टूटकर खाट पर गिरा, बाल-बाल बचे डेढ़ साल की बच्ची समेत परिजन

Advertisements

11 हजार का तार टूटकर खाट पर गिरा, बाल-बाल बचे डेढ़ साल की बच्ची समेत परिजन

डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद):
मधुबन थाना क्षेत्र के पिपराटांड बस्ती में गुरुवार अहले सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। बिजली का ग्यारह हजार वोल्ट के बिजली का तार दीपक तिवारी के आंगन में गिर गया। घटना के समय दीपक अपने आंगन में डेढ़ साल की बच्ची समेत पूरे परिवार के साथ दो फोल्डिंग खाट पर सो रहे थे। तार गिरते ही खाट में करंट दौड़ गया। परिवार के अन्य सदस्य किसी तरह बचे, लेकिन डेढ़ साल की बच्ची फोल्डिंग खाट के बीच फंस गई। खाट की रस्सियां जलने लगीं। खाट चारों ओर लोहे के पाइप से बनी थी। अगर बच्ची लोहे के पाइप से सट जाती तो अनहोनी हो जाती।

लकड़ी के सहारे बचाई जान, एक झुलसा

शोर सुनकर ग्रामीणों की भीड़ वहां जुट गई। ग्रामीणों ने लकड़ी के सहारे बच्ची को खाट के बीच में ही सुरक्षित रखा और गणेशपुर सब स्टेशन फोन कर बिजली कटवाई। इस दौरान बचाव में पहुंचे एक ग्रामीण भी झुलस गया। गिरे हुए तार के तीन टुकड़े हो गए और जहां-जहां तार गिरा, वहां की जमीन जल गई।

जाली लगाने की मांग पर अड़े ग्रामीण

घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीण और पीड़ित परिवार ने बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ नारेबाजी कर विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने तार के नीचे जाली लगाए बिना तार जोड़ने से मना कर दिया। बाद में सहमति बनने के बाद तार के नीचे सुरक्षा जाली लगाकर शाम 4:30 बजे बिजली बहाल की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि ये तार काफी पुराना और जर्जर है। पिछले 4-5 साल में कई बार तार टूटकर गिर चुका है। तार के नीचे 2-3 परिवार रहते हैं। विभाग को मौखिक और लिखित शिकायत के बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई थी। इस संबंध में सहायक विद्युत अभियंता ओम प्रकाश चौहान ने कहा कि घटना की जानकारी मिलने पर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए तार के नीचे जाली लगा दी गई है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top