जमसं के महामंत्री पहुंचे बाघमारा, बदमाशों के हमले के शिकार सुमन से किया भेंट
डीजे न्यूज, कतरास (धनबाद): जनता मजदूर संघ के महामंत्री सिद्धार्थ गौतम गुरुवार को बाघमारा के बड़ा पाण्डेडीह पहुंचे। उन्होंने सुमन सिन्हा से उनके आवास में भेंट कर उनका कुशल क्षेम पूछा। मालूम हो की बुधवार की रात डुमरा -जमुआटांड़ पेट्रोल पंप के सामने अज्ञात नकाबपोश वाइक सवार बदमाशों ने सुमन के ऊपर हमला किया था । वह अपने दोस्त गुड्डू यादव तथा रितेश सिंह के साथ कार पर सवार होकर धनबाद जा रहे थे, तभी यह घटना घटी थी।
सिद्धार्थ गौतम ने घटना की निंदा करते हुए कहा की बाघमारा की स्थिति आज वही हो गई है जो 15 वर्षो से बंगाल की थी। उन्होंने कहा की बाघमारा में गुंडागर्दी बढ़ गई है । बाघमारा में अराजकता पूरी तरह हावी है। उन्होंने प्रशासन से दोषी लोगों की शिनाख्त कर कार्रवाई की मांग की। साथ ही विधि व्यवस्था में सुधार करने पर जोर देते हुए कहा कि ताकि आगे ऐसी घटनाएं ना हो।
मौके पर पीड़ित सुमन सिन्हा ने कहा की माटीगढ़ में आयोजित धार्मिक अनुष्ठान में भाग लेने आए धनबाद के मेयर का उनलोगो ने स्वागत किया था। इसी बौखलाहट में शाम में उनपर हमला किया गया। उन्होंने प्रशासन से घटना के दोषी लोगो की गिरफ्तारी की मांग की। इस मौके पर जनता मजदूर संघ के केंद्रीय उपाध्यक्ष गोपाल मिश्रा, बबलू पांडे, विकास सिंह, सोनू सिंह, मुन्ना सिंह आदि उपस्थित थे।