आजसू स्थापना दिवस को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी, मधुबन में बनी रणनीति
डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : मधुबन स्थित गेस्टहाउस में बुधवार को आजसू पार्टी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड अध्यक्ष मिराज आलम ने की, जबकि संचालन प्रखंड सचिव प्रकाश पंडित ने किया। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में पार्टी के जिला प्रभारी युवा आजसू उत्कर्ष महतो उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी 22 जून को मनाए जाने वाले आजसू पार्टी के स्थापना दिवस कार्यक्रम को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। इसके अलावा संगठनात्मक गतिविधियों को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने तथा कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान स्थापना दिवस के अवसर पर धनबाद में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए रणनीति बनाई गई। कार्यकर्ताओं को कार्यक्रम की सफलता के लिए गांव-गांव जाकर लोगों से संपर्क करने और उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करने का निर्देश दिया गया।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला प्रभारी उत्कर्ष महतो ने कहा कि स्थापना दिवस संगठन के लिए गौरव का अवसर है। इसे ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं से लगातार संपर्क किया जा रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बड़ी संख्या में कार्यक्रम में शामिल होने तथा अपने साथ अधिक से अधिक लोगों को लाने का आह्वान किया।
इस दौरान उत्कर्ष महतो ने राज्य सरकार की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार लोकतांत्रिक मूल्यों के अनुरूप कार्य नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं और राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ हो रही घटनाएं लोकतंत्र के लिए चिंताजनक हैं। उन्होंने आजसू पार्टी के कार्यकारी जिला अध्यक्ष सुमित गौरव उर्फ कम्पू यादव तथा गिरिडीह में मिशु मंडल से जुड़े मामलों का उल्लेख करते हुए प्रशासनिक रवैये पर नाराजगी जताई।
उन्होंने कहा कि यदि जनप्रतिनिधि और राजनीतिक कार्यकर्ता ही स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहे हैं तो आम जनता की स्थिति का सहज अनुमान लगाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सत्ता स्थायी नहीं होती, इसलिए सभी को लोकतांत्रिक मर्यादाओं और मूल्यों का सम्मान करना चाहिए।
बैठक में मुकेश वर्मा, राकेश गुप्ता बबलू, विकास कुमार, दिगम्बर महतो, राकेश सिंह, उपेंद्र पंडित, सुरेश महतो, रवि मिश्र, ऋषव पाठक सहित बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित थे।