मानदेय में कटौती से सहायक अध्यापकों में नाराजगी, बीपीओ से लगाई न्याय की गुहार
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह): प्रखंड के सहायक अध्यापकों ने मानदेय में की जा रही कटौती और भुगतान रोके जाने के विरोध में अपनी आवाज बुलंद की है। शिक्षकों का कहना है कि बिना किसी स्पष्ट कारण के कई सहायक अध्यापकों का मानदेय काट दिया गया है, जबकि दर्जनों शिक्षकों का भुगतान लंबित रखा गया है। इससे उनके समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
समस्या को लेकर आयोजित बैठक में शिक्षकों ने अपनी परेशानियों को विस्तार से रखा और पारा शिक्षक संघ के माध्यम से समाधान की मांग की। इस दौरान प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी (बीपीओ) बासिल मरांडी को भी बैठक में बुलाया गया, जहां शिक्षकों ने उन्हें भुगतान संबंधी अनियमितताओं से अवगत कराया।
शिक्षकों ने कहा कि नियमित रूप से विद्यालयों में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के बावजूद उन्हें समय पर पूरा मानदेय नहीं मिल रहा है। इससे परिवार के भरण-पोषण और दैनिक जरूरतों को पूरा करने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
बीपीओ बासिल मरांडी ने शिक्षकों की शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि सभी शिकायतों की समीक्षा कर उचित समाधान निकाला जाएगा।
वहीं, सहायक अध्यापकों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे।