लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश

Advertisements

लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: समाहरणालय सभागार में मंगलवार को जिला स्तरीय परामर्शदात्री समिति (DLCC) की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता डीडीसी सन्नी राज ने की। बैठक में भारतीय रिजर्व बैंक के प्रतिनिधि, जिले के सभी 23 बैंकों के शाखा प्रबंधक, जिला समन्वयक (District Coordinator) एवं संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित रहे।

बैठक में एनपीसीआई, किसान क्रेडिट कार्ड एवं फसल ऋण, मुद्रा ऋण योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम तथा डीपीएम से संबंधित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। विभिन्न योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों की स्थिति, स्वीकृति एवं वितरण की प्रगति पर चर्चा करते हुए संबंधित बैंकों को लक्ष्य के अनुरूप कार्य करने का निर्देश दिया गया।

बैठक के दौरान डीडीसी ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत लंबित आवेदनों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए सभी बैंकों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें ताकि पात्र लाभुकों को समय पर लाभ मिल सके।

उन्होंने प्रखंड स्तरीय बैंकर्स समिति की बैठकों में बैंक अधिकारियों की उदासीनता पर भी कड़ी नाराजगी जताई। डीडीसी ने कहा कि कई बैंक शाखाओं द्वारा प्रखंड स्तरीय बैठकों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है, जो स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने निर्देश दिया कि अगली बैठक में संबंधित बैंक प्रबंधक स्वयं उपस्थित रहें तथा सभी आवश्यक प्रतिवेदनों एवं अद्यतन आंकड़ों के साथ भाग लें।

डीडीसी ने सभी बैंक प्रबंधकों को 23 जून को आयोजित होने वाली समीक्षा बैठक में पूर्ण तैयारी एवं सभी आवश्यक प्रतिवेदनों के साथ उपस्थित रहने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं वित्तीय समावेशन के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए सभी बैंकों की सक्रिय सहभागिता आवश्यक है।

बैठक में विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top