पाजू हाड़ी बने अध्यक्ष शिवचरण हाड़ी सचिव सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक दृष्टिकोण से मजबूत बनाना लक्ष्य: रूप कुमार

Advertisements

पाजू हाड़ी बने अध्यक्ष शिवचरण हाड़ी सचिव

सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक दृष्टिकोण से मजबूत बनाना लक्ष्य: रूप कुमार

डीजे न्यूज, धनबाद : हाड़ी समाज पुराना स्टेशन ग्राम शाखा में रविवार को पगड़ी रस्म सह शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के सैकड़ो लोग और प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित हुए। समारोह के दौरान सर्वसम्मति से चयनित नई ग्राम कमेटी के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों को पारंपरिक रूप से पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया गया और उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई गई।

कार्यक्रम की शुरुआत संविधान निर्माता डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की तस्वीर पर माल्यार्पण कर तथा स्वर्गीय किशोरी हाड़ी के चित्रों पर पुष्पअर्पित कर उन्हें नमन करते हुए किया गया। इसके बाद नवनिर्वाचित पदाधिकारियों में पाजू हाड़ी को ग्राम शाखा का नया अध्यक्ष मनोनीत किया गया। इसके अलावा शिवचरण हाड़ी को सचिव, सिकन्द्र हाड़ी को कोषाध्यक्ष तथा बाबु हाड़ी को संगठन का प्रवक्ता नियुक्त किया गया है। वहीं कार्यकारिणी को मजबूती देने के लिए दीपक हाड़ी, चंदन हाड़ी, राजू हाड़ी, जितेन्द्र हाड़ी और बुनू हाड़ी को बतौर सक्रिय सदस्य टीम में शामिल किया गया है। सभी पदाधिकारियों ने समाज के गवाहों के सामने अपनी जिम्मेदारियों का पूरी निष्ठा से निर्वहन करने की कसम खाई।

अखिल भारतीय हाड़ी विकास मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष रूप कुमार हाड़ी ने कहा कि हमारा लक्ष्य हाड़ी समाज को सामाजिक, शैक्षणिक और राजनीतिक दृष्टिकोण से मजबूत और अधिकार संपन्न बनाना है। कहा वर्तमान समय में धनबाद जिले में 165 सक्रिय शाखाएं निरंतर कार्य कर रही हैं। पुराना स्टेशन ग्राम में पहले हमारी मजबूत शाखा संचालित थी, लेकिन कुछ समय से पद रिक्त होने के कारण कार्य प्रभावित हो रहा था। आज सभी ग्रामीणों की आम सहमति और सर्वसम्मति से नई कार्यकारिणी का गठन कर नया दायित्व सौंपा गया है जो समाज के उत्थान को नई गति देगा।

समाजसेवी मनोज कुमार हाड़ी ने कहा कि हमारे पूर्वजों से चली आ रही सामाजिक और सांस्कृतिक परंपराओं को धरातल पर जीवित रखने के लिए युवा पीढ़ी को संगठन से जोड़ना अनिवार्य है। समाज में व्याप्त आर्थिक, सामाजिक और विशेष रूप से शैक्षणिक पिछड़ेपन को केवल शिक्षा और जागरूकता के माध्यम से ही दूर किया जा सकता है।

शपथ ग्रहण के बाद नव-मनोनीत ग्राम अध्यक्ष पाजू हाड़ी ने महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी से निर्वहन करने की शपथ लेते हुए कहा कि जिस प्रकार हमारे पूर्वज समाज को एक सूत्र में पिरोकर आज तक लेकर आगे बढ़े हैं, उन्हीं के आदेशों का शत-प्रतिशत पालन करते हुए समाज को एकजुट रखने और सही दिशा में आगे ले जाने का पूरा प्रयास करेंगे। समाज के हर तबके के विकास के लिए हमारी पूरी टीम सदैव तत्पर रहेगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top