कैशबैक का संदेश स्वीकार करते ही खाता खाली 

Advertisements

कैशबैक का संदेश स्वीकार करते ही खाता खाली

जामताड़ा पुलिस ने किया खुलासा

फर्जी कैशबैक का झांसा देकर ठगी करने वाला साइबर अपराधी गिरफ्तार

डीजे न्यूज, जामताड़ा : जामताड़ा पुलिस ने फर्जी कैशबैक का झांसा देकर लोगों से ठगी करने वाले एक साइबर अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक शंभू कुमार सिंह को मिली गुप्त सूचना के आधार पर साइबर अपराध थाना प्रभारी राजेश मंडल के नेतृत्व में छापेमारी की गई।

करमाटांड़ थाना क्षेत्र के बरियारपुर स्थित नदी पुल के पास कार्रवाई के दौरान साइबर अपराध करते हुए शाहाबुद्दीन अंसारी को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त बरियारपुर गांव का रहने वाला है। पुलिस ने उसके पास से दो मोबाइल फोन और तीन सिम कार्ड बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार अभियुक्त लोगों को वूहू एप से फोनपे में 1,999 रुपये कैशबैक मिलने का संदेश भेजता था। इसके बाद ग्राहकों को संदेश स्वीकार करने के लिए कहा जाता था। जैसे ही लोग संदेश स्वीकार करते, उनके खाते से पैसा वूहू एप में चला जाता था।

इस मामले में साइबर अपराध थाना में कांड संख्या 35/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता, सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम तथा दूरसंचार अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

छापेमारी दल में शामिल पुलिसकर्मी

राजेश मंडल, साइबर अपराध थाना प्रभारी, जामताड़ा

प्रशांत कुमार, साइबर अपराध थाना

रिजर्व गार्ड के आरक्षी और हवलदार

पुलिस ने बताया कि अभियुक्त देश के विभिन्न राज्यों में इस तरह की ठगी को अंजाम देता था। मामले की आगे की जांच जारी है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top