12 वर्षों से लंबित मुआवजे पर भड़के विधायक जयराम महतो, आंदोलन की दी चेतावनी
श्रीप्रसाद बरनवाल, बगोदर, गिरिडीह : झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) के केंद्रीय अध्यक्ष सह डुमरी विधायक जयराम कुमार महतो शनिवार को अटका पहुंचे, जहां उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग-2 (एनएच-2) सिक्स लेन चौड़ीकरण परियोजना से प्रभावित विस्थापितों और ग्रामीणों से मुलाकात की। इस दौरान ग्रामीणों ने उनका जोरदार स्वागत करते हुए वर्षों से लंबित मुआवजा भुगतान का मुद्दा उठाया।
ग्रामीणों और विस्थापितों ने विधायक को बताया कि राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के कारण उनकी जमीन और संपत्तियां प्रभावित हुईं, लेकिन एक दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद कई लोगों को अब तक मुआवजा नहीं मिला है। उन्होंने संबंधित विभागों और अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शीघ्र भुगतान की मांग की।
विस्थापितों को संबोधित करते हुए विधायक जयराम कुमार महतो ने कहा कि राज्य में इंडिया गठबंधन की सरकार और केंद्र में एनडीए गठबंधन की सरकार होने के बावजूद अटका के विस्थापितों का 12 वर्षों से भुगतान लंबित रहना अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि बगोदर क्षेत्र के बड़े नेताओं की मौजूदगी के बावजूद इस गंभीर समस्या का समाधान नहीं होना चिंताजनक है।
जयराम महतो ने कहा कि यदि राज्य सरकार, केंद्र सरकार और जिला प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू नहीं की, तो झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा विस्थापितों के हक की लड़ाई को सड़क से लेकर सदन तक मजबूती से उठाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि लंबित भुगतान नहीं होने पर सरकार और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ व्यापक आंदोलन चलाया जाएगा।
उन्होंने विस्थापितों को भरोसा दिलाया कि उनके अधिकारों और न्याय के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करेगा तथा मुआवजा भुगतान सुनिश्चित कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
कार्यक्रम में विस्थापित अर्जुन प्रसाद, सरयू मंडल, विनय कुमार, मुकेश कुमार, डब्लू राणा, किशोर मंडल, विवेक पांडेय, शुभम राज, आकाश कुमार, लक्ष्मण, रंजीत एवं राजकुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे। वहीं प्रखंड अध्यक्ष उमेश कुमार महतो, केंद्रीय संगठन सचिव ललिता कुमारी, जिला महासचिव प्रेमचंद साहू, पूर्व पंचायत समिति सदस्य मुमताज अंसारी, विश्वनाथ साव, कुंजलाल साव तथा अन्य कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।