अलकुसा कोल डम्प में रोजगार बहाली की मांग, गुड्डू सिंह ने जीएम से की वार्ता
डीजे न्यूज, केंदुआ, धनबाद : अलकुसा कोल डम्प के असंगठित मजदूरों के लिए लोडिंग कार्य शुरू कराने तथा बेरोजगार बैठे आउटसोर्सिंग ड्राइवरों को काम उपलब्ध कराने की मांग को लेकर जमसं नेता अभिषेक सिंह उर्फ गुड्डू सिंह ने शुक्रवार को कुसुंडा क्षेत्र के महाप्रबंधक से मुलाकात कर वार्ता की।
वार्ता के दौरान गुड्डू सिंह ने कुसुंडा जीएम निखिल बी. त्रिवेदी को बताया कि अलकुसा कोल डम्प में लोडिंग कार्य बंद होने तथा डीओ और कोयले की उपलब्धता नहीं होने के कारण असंगठित मजदूरों के समक्ष रोजगार का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि सैकड़ों मजदूरों की आजीविका इस कार्य पर निर्भर है, इसलिए जल्द से जल्द लोडिंग कार्य शुरू कराया जाना चाहिए।
इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में कार्यरत नई आउटसोर्सिंग कंपनी में पूर्व से कार्य कर रहे ड्राइवरों को प्राथमिकता के आधार पर नियोजन देने की मांग भी उठाई। इस पर जीएम ने मामले पर सकारात्मक पहल करते हुए एक माह के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
बैठक में श्रमिक पक्ष से सुभाष सिंह, कुंवर सिंह, मुन्ना सिंह, लव प्रताप सिंह और इंशाद खान उपस्थित थे। वहीं प्रबंधन की ओर से ए.के. शर्मा, देवाशीष बाग तथा गोधर प्रबंधक पी.के. सिंह समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।