केंदुआडीह थाना पहुंचे एसएसपी, लंबित मामलों के शीघ्र निष्पादन का दिया निर्देश
डीजे न्यूज, केंदुआ,धनबाद : वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने शुक्रवार को केंदुआडीह थाना का वार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान थाना प्रभारी प्रमोद पांडेय की मौजूदगी में पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित किया।
निरीक्षण के दौरान एसएसपी ने थाना में संधारित विभिन्न अभिलेखों एवं रजिस्टरों की गहन जांच की। उन्होंने अपराध, आगंतुक एवं त्योहारों से संबंधित रजिस्टरों के अलावा हवालात, मालखाना, बैरक, भोजनालय, शौचालय और थाना परिसर की साफ-सफाई एवं सुरक्षा व्यवस्था का अवलोकन किया। साथ ही हथियारों, वाहनों तथा लावारिस वाहनों की स्थिति एवं उनके निस्तारण की समीक्षा भी की।
एसएसपी ने महिला हेल्प डेस्क और साइबर सेल की कार्यप्रणाली की जांच करते हुए जनसुविधाओं से जुड़े मामलों की जानकारी ली। उन्होंने लंबित कांडों, कुर्की-जब्ती, वारंट निष्पादन तथा अपराध नियंत्रण से संबंधित कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों को जन शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने क्षेत्र में नियमित गश्ती बढ़ाने, अपराधियों पर कड़ी निगरानी रखने और कानून-व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि पुलिस की जिम्मेदारी केवल अपराध नियंत्रण तक सीमित नहीं है, बल्कि जनता के साथ बेहतर संवाद, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। इससे आम लोगों का पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत होता है।
निरीक्षण के दौरान केंदुआडीह थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं जवान उपस्थित थे।