महिला विधायकों पर टिप्पणी को लेकर घिरे मंत्री इरफान अंसारी, रालोजपा ने जताई आपत्ति 

Advertisements

महिला विधायकों पर टिप्पणी को लेकर घिरे मंत्री इरफान अंसारी, रालोजपा ने जताई आपत्ति 

डीजे न्यूज,गिरिडीह : झारखंड में राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। निर्दलीय प्रत्याशी परिमल नाथवानी के नामांकन के बाद स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी द्वारा भाजपा की महिला विधायकों को लेकर दिए गए बयान पर विवाद खड़ा हो गया है। इस बयान पर राष्ट्रीय लोक जनशक्ति पार्टी ने कड़ा ऐतराज जताते हुए इसे महिलाओं और जनप्रतिनिधियों की गरिमा के खिलाफ बताया है।

रालोजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजकुमार राज ने मंत्री इरफान अंसारी के उस बयान की आलोचना की, जिसमें उन्होंने कहा था कि परिमल नाथवानी के नामांकन के बाद महिला विधायकों के चेहरे पर खुशी थी और उनके घर मिठाई पहुंचना तय है। राजकुमार राज ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीतिक मतभेद अपनी जगह हैं, लेकिन महिला जनप्रतिनिधियों की भावनाओं और सम्मान को लेकर इस तरह की टिप्पणी करना पूरी तरह अनुचित है।

 

उन्होंने कहा कि निर्वाचित महिला विधायक अपनी राजनीतिक समझ, अनुभव और विवेक के आधार पर निर्णय लेने में सक्षम हैं। ऐसे में उनके बारे में इस तरह की टिप्पणी करना न केवल उनकी गरिमा को ठेस पहुंचाता है, बल्कि लोकतांत्रिक मूल्यों के भी विपरीत है।

 

रालोजपा ने कहा कि सत्ता पक्ष के एक जिम्मेदार मंत्री से इस प्रकार की भाषा की अपेक्षा नहीं की जा सकती। पार्टी ने मांग की है कि मंत्री इरफान अंसारी अपने शब्द वापस लें और महिला विधायकों से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें।

राजकुमार राज ने सभी राजनीतिक दलों के नेताओं से अपील करते हुए कहा कि राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप और वैचारिक मतभेद स्वाभाविक हैं, लेकिन सार्वजनिक जीवन में भाषा की मर्यादा और महिलाओं के सम्मान का हर हाल में ध्यान रखा जाना चाहिए।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top