मादक पदार्थों के दुरूपयोग की शिकायत मानस पोर्टल पर करें : डॉ इंद्रजीत 

Advertisements

मादक पदार्थों के दुरूपयोग की शिकायत मानस पोर्टल पर करें : डॉ इंद्रजीत

 

डिग्री कॉलेज टुंडी में मानस पोर्टल पर जागरूकता कार्यक्रम

डीजे न्यूज, टुंडी (धनबाद) : डिग्री कॉलेज टुंडी में बुधवार को महाविद्यालय के बिरसा मुंडा सभागार में प्राचार्य डॉ इंद्रजीत कुमार की अध्यक्षता में ‘मानस पोर्टल तथा मानस हेल्पलाइन के प्रचार-प्रसार एवं निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग के विरुद्ध जागरूकता कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ झारखंड आंदोलन के प्रणेता स्वर्गीय बिनोद बिहारी महतो के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।

इस अवसर पर भौतिकी विज्ञान विभाग के प्राध्यापक डॉ प्रीतम कुमार सिंह ने मानस पोर्टल तथा मानस हेल्पलाइन की उपयोगिता और कार्यप्रणाली की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समाज में निषिद्ध मादक पदार्थों की रोकथाम और शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए यह व्यवस्था महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।

इसके बाद हिंदी विभाग की प्राध्यापिका डॉ रानी सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि निषिद्ध मादक पदार्थों का दुरुपयोग न केवल व्यक्ति बल्कि पूरे समाज को गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने युवाओं से इस सामाजिक बुराई से दूर रहने और दूसरों को भी जागरूक करने का आह्वान किया।

अपने अध्यक्षीय संबोधन में प्राचार्य डॉ इंद्रजीत कुमार ने कहा, “मादक पदार्थ व्यक्ति की चेतना को नष्ट कर देता है तथा उसके जीवन, परिवार और समाज पर प्रतिकूल प्रभाव डालता है। विद्यार्थियों को चाहिए कि अपने आसपास कहीं भी मादक पदार्थों का दुरुपयोग होते देखें तो उसकी सूचना मानस पोर्टल पर दर्ज करें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।”

कार्यक्रम का संचालन डॉ रानी सिंह ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ दीनबंधु मंडल ने किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में महाविद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी तथा राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई-1 के स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका रही।

इसी अवसर पर महाविद्यालय के राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक विवेक मंडल ने महाविद्यालय पुस्तकालय को कुछ पुस्तकें भेंट स्वरूप प्रदान कीं, जिसकी उपस्थित लोगों ने सराहना की।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top