बागडिगी कोल डंप में मैन्युअल लोडिंग के लिए छह घंटे ट्रांसपोर्टिंग ठप
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : लोदना क्षेत्र की बागडिगी कोलियरी के कोल डंप में मैन्युअल लोडिंग चालू करने की मांग को लेकर बुधवार को यूनाइटेड कोल वर्कर्स यूनियन (एटक) के बैनर तले मजदूरों ने कोयला ट्रांसपोर्टिंग का कार्य अनिश्चितकाल के लिए पूरी तरह ठप करा दिया। आंदोलन का नेतृत्व लोदना कोलियरी के सचिव सूरज भुईयां ने किया। इस दौरान मजदूरों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
पूर्व पार्षद अनूप साव ने कहा कि मजदूरों का शोषण किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और उनकी मांगों को पूरा करना होगा। ट्रांसपोर्टिंग कार्य ठप होने की सूचना मिलने पर प्रबंधन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और आंदोलनकारियों से वार्ता की, लेकिन मजदूर अपनी मांगों पर अड़े रहे।
बाद में वरीय अधिकारियों के निर्देश पर परियोजना पदाधिकारी (पीओ) अनिल कुमार ने यूनियन को पत्र जारी कर 18 जून को वार्ता करने तथा उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। आंदोलन की पूरी जानकारी सांसद ढुल्लू महतो को भी दी गई। इसके बाद करीब छह घंटे के बाद ट्रांसपोर्टिंग कार्य पुनः शुरू कराया गया।
मौके पर सूरज कुमार भुईयां, पूर्व पार्षद अनूप कुमार साव, सांसद प्रतिनिधि श्रीराम गोराई, उज्जवल मंडल, गफ्फार अंसारी, जितेंद्र प्रसाद, रंजन साहू, सुरजदीप पासवान, आमिर मलिक, अरुण कुमार भुईयां, धीरज कुमार, सन्नी कुमार पासवान, सूरज कुमार, गणेश पासवान, अवधेश पासवान, दीपक पासवान, शंभू पासी, वेणु पासवान, दीपक कुमार पासवान, टुनटुन मिस्त्री, रेखा देवी, सुनीता देवी, आरती देवी, वासु देवी तथा नगीना देवी सहित बड़ी संख्या में मजदूर उपस्थित थे।