सिंदरी में लगा जनसमस्या समाधान शिविर, नगर आयुक्त ने जलापूर्ति व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

Advertisements

सिंदरी में लगा जनसमस्या समाधान शिविर, नगर आयुक्त ने जलापूर्ति व्यवस्थाओं का किया निरीक्षण

डीजे न्यूज, धनबाद: समस्याओं के त्वरित समाधान, नागरिक सेवाओं की सुलभ उपलब्धता तथा प्रशासन को आम जनता के द्वार तक पहुँचाने के उद्देश्य से नगर निगम धनबाद द्वारा गुरुवार को सिंदरी नगरीय  अंचल कार्यालय परिसर में एक विशेष शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में क्षेत्र के नागरिकों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर अपनी समस्याएँ एवं सुझाव प्रशासन के समक्ष रखे। शिविर के दौरान पेयजल आपूर्ति, स्वच्छता एवं सफाई व्यवस्था, नाली निर्माण एवं रखरखाव, स्ट्रीट लाइट, जन्म एवं मृत्यु निबंधन, होल्डिंग से संबंधित मामले, संपत्ति कर, अतिक्रमण, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सार्वजनिक शौचालयों के संचालन, जलजमाव, सड़क मरम्मती, प्रमाण-पत्रों के निर्गमन तथा अन्य नगर निगम संबंधी विषयों पर प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का संज्ञान लिया गया तथा संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध निष्पादन हेतु आवश्यक निर्देश दिए गए।
नगर आयुक्त ने आशीष गंगवार ने स्पष्ट निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का विधिवत संधारण कर उसकी मॉनिटरिंग की जाए तथा निर्धारित समय-सीमा के भीतर शिकायतों का निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि नगर निगम का उद्देश्य केवल शिकायत प्राप्त करना नहीं, बल्कि उसके प्रभावी एवं संतोषजनक समाधान तक पहुँचना है। नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण एवं उत्तरदायी शहरी सेवाएँ उपलब्ध कराना निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
शिविर में अपर नगर आयुक्त, सभी सहायक नगर आयुक्त, नगर प्रबंधकगण, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता, कनीय अभियंता, विभिन्न शाखाओं के नोडल पदाधिकारी, अधीक्षक, स्वच्छता निरीक्षक एवं अन्य निगम पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे। साथ हीं स्थानीय पार्षदगण भी स्थल पर मौजूद रहे।
नगर आयुक्त ने उपस्थित अधिकारियों को निर्देशित किया कि नागरिकों की शिकायतों के समाधान में अनावश्यक विलंब किसी भी परिस्थिति में स्वीकार्य नहीं होगा तथा सभी पदाधिकारी नियमित रूप से क्षेत्रीय भ्रमण कर जमीनी स्तर पर समस्याओं की पहचान एवं समाधान सुनिश्चित करें।
शिविर के उपरांत नगर आयुक्त आशीष गंगवार ने भागा पॉलिटेक्निक के समीप क्षतिग्रस्त जलापूर्ति पाइपलाइन का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि ग्रामीण कार्य प्रमंडल द्वारा निष्पादित किए जा रहे कार्य के दौरान पेयजल आपूर्ति पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे क्षेत्र की जलापूर्ति प्रभावित हुई है। नगर आयुक्त ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कार्यपालक अभियंता को अविलंब मरम्मती एवं जलापूर्ति बहाली सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को पेयजल आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा नहीं होनी चाहिए तथा क्षतिग्रस्त संरचनाओं की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर की जाए।
इसके पश्चात नगर आयुक्त ने दामोदर नदी स्थित चासनाला इंटेकवेल का भी निरीक्षण किया तथा वहां उपलब्ध जलापूर्ति व्यवस्थाओं, पंपिंग प्रणाली एवं संचालन संबंधी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पेयजल एवं स्वच्छता विभाग (DWSD-1) के कार्यपालक अभियंता को जलापूर्ति व्यवस्था को निर्बाध एवं सुचारू बनाए रखने, आवश्यक रखरखाव कार्यों को समय पर पूरा करने तथा किसी भी संभावित व्यवधान की स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम धनबाद नागरिकों को बेहतर शहरी सेवाएँ उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। जनसुनवाई शिविरों, क्षेत्रीय निरीक्षणों एवं नियमित समीक्षा के माध्यम से प्रशासन एवं जनता के बीच संवाद को और अधिक सुदृढ़ किया जा रहा है ताकि समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top